वर्ल्ड कप से पहले गजब का खेल दिखा रही न्यूजीलैंड ने एक और वनडे मैच में भी शानदार प्रदर्शन किया। 7 मैचों की सीरीज में श्रीलंका को रौंदने के बाद 2 मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में भी उनका लाजवाब खेल जारी है।
वेलिंगटन में खेले गए पहले वनडे मैच में जीत के बाद न्यूजीलैंड ने 2 शतकीय पारियों की बदौलत पाक के खिलाफ 50 ओवर में 5 विकेट पर 369 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। साल 2015 में किवी टीम ने अब तक 4 बार 300 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करने का कारनामा किया है।
जवाब में पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत तो मिली लेकिन बाद में अन्य बल्लेबाज इसे जारी नहीं रख सके और पूरी टीम 43.1 ओवर में 250 रन बनाकर आउट हो गई। पाक को जीत के लिए साढ़े 7 रन प्रति ओवर के हिसाब से रन बनाना था लेकिन वह 5.79 के हिसाब से रन बना सकी। 44वें ओवर में पाक टीम को समेटने के साथ ही किवी टीम ने यह मैच 119 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। इसके साथ ही सीरीज पर 2-0 से क्लीन स्वीप भी कर लिया।
वर्ल्ड कप से पहले यह अंतिम वनडे मैच था जिसमें पाक हार गया। टीम इंडिया इस बात से अब खुश होगी कि वर्ल्ड कप में जिस चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम का सामना अपने पहले ही मैच में करना होगा वह भी सीरीज में करारी हार के बाद मैदान पर उतरेगी।
टेलर ने 21 गेंदों में बनाए 52 रन बनाए
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ठीकठाक शुरुआत की। पहले विकेट के लिए मार्टिन गुप्टिल और कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने 8 ओवर में 43 रनों की साझेदारी की। हालांकि कप्तान 31 रन बनाकर आउट हो गए। गुप्टिल ने यहां से केन विलियम्सन के साथ दूसरे विकेट के लिए 128 रनों की साझेदारी कर टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया। गुप्टिल ने 88 गेंदों में 76 रन बनाने के बाद अहमद शहजाद की गेंद पर बिलावल भट्टी को कैच थमा दिया।
इसके बाद विलियम्सन ने रॉस टेलर के साथ 79 रनों की साझेदारी की। इस बीच विलियम्सन ने 80 गेंदों में शतक ठोक दिया। दूसरे छोर पर तेजी से रन बनाने वाले टेलर ने 49 गेंदों में फिफ्टी फिर 70 गेंदों में शतक ठोक दिया। टेलर ने अंतिम 52 रन 21 गेंदों में बनाए। विलियम्सन 112 रन बनाकर आउट हुए।
दूसरे छोर पर तेजी से रन बनाने में जुटे टेलर अंत तक नाबाद रहे और 70 गेंदों में 102 रन (13 चौका और 2 छक्का) बनाए। 2 शतकों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 45वें ओवर में ही 300 रनों का आंकड़ा छू लिया। टेलर ने अपना शतक अंतिम ओवर में लगाया।
विलियम्सन इस साल जबर्दस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने इस साल के अब तक गुजरे 34 दिनों के अंदर 718 अंतरराष्ट्रीय रन बना लिए हैं।
पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज हुए नाकाम
न्यूजीलैंड से मिले 370 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम को ठोस शुरुआत तो मिली लेकिन वह रन बनाने की गति बेहद धीमी रही। पाक ने 9.5 ओवर में 50 रन बनाए।
मोहम्मद हफीज और अहमद शहजाद ने पहले विकेट के लिए 18वें ओवर में शतकीय साझेदारी की। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी लगाए। हालांकि शहजाद 55 रन बनाकर आउट हो गए। टीम को बड़ा झटका अनुभवी बल्लेबाज युनूस खान के रूप में लगा जो 11 रन बनाकर आउट हुए। दोनों ही विकेट नाथन मैकुलम ने झटके।
दोनों ओपनरों के अलावा कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने 45 रनों का योगदान दिया। लेकिन इन तीनों के अलावा युनूस खान (11), शाहिद अफरीदी (11), उमर अकमल (4), हैरिस सोहैल (6), सरफराज अहमद (13), बिलावल भट्टी (9) और एहसान आदिल (1) सस्ते में आउट हो गए। न्यूजीलैंड की ओर से 4 गेंदबाजों ने 2-2 विकेट झटके।