पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान न्यूजीलैंड और इंग्लैंड टीम द्वारा पाकिस्तान का दौरा रद्द किए जाने से निराश हैं। इस वजह से दूसरे पाकिस्तानी क्रिकेटरों की तरह उन्होंने अपना गुस्सा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पर निकाला है।
पाकिस्तान के पीएम ने एक इंटरव्यू में कहा कि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान का दौरा रद्द किया। क्या ये सभी देश भारत के खिलाफ सीरीज को रद्द करने की हिम्मत कर सकता है? ऐसा संभव नहीं है, क्योंकि बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर बोर्ड है। इसलिए वह वर्ल्ड क्रिकेट को कंट्रोल करता है।
विश्व क्रिकेट पर भारत की हुकूमत
'मिडल ईस्ट आई' को दिए इंटरव्यू में इमरान ने क्रिकेट पर भी बात की। एक सवाल के जवाब में इमरान ने कहा- इस बात में कोई इनकार नहीं कर सकता कि भारत ही वर्ल्ड क्रिकेट को कंट्रोल कर रहा है। पैसा इस समय सबसे अहम है। खिलाड़ियों ही नहीं कई देशों के क्रिकेट बोर्ड को भी भारत से पैसा मिलता है।
इमरान ने भारत पर लगाया आरोप
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से यह पूछा गया था कि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान का हालिया दौरा रद्द क्यों किया। खान ने माना कि इंग्लैंड और पाकिस्तान के क्रिकेट रिश्तों में गर्मजोशी नहीं है, लेकिन भविष्य में शायद ये बेहतर हो जाएं।
इमरान ने कहा कि भारत के कुछ लोगों ने सिंगापुर का इस्तेमाल किया और गलत खबरें फैलाईं। हमारे पास दुनिया के सबसे बेहतरीन खुफिया एजेंसी है। हमने इंग्लैंड और न्यूजीलैंड दोनों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया था, लेकिन वे हमारी बातों पर यकीन करने को तैयार ही नहीं थे।
रमीज राजा ने भी कही थी बड़ी बात
इंग्लैंड की महिला और पुरुष टीम को इसी महीने पाकिस्तान दौरे पर आना था। मेन्स टीम को 13 और 14 अक्टूबर को रावलपिंडी में दो टी-20 मैच खेलने थे। महिला टीम को 17,19 और 21 अक्टूबर को वनडे खेलना थे।
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा ने भी भारत को लेकर बड़ी बात कही थी। उन्होंने कहा था कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की 90 फीसदी फंडिंग भारत करता है। इसके बाद आईसीसी हमें पैसा देता है। अगर भारत पैसा देना बंद कर दें तो पीसीबी तबाह हो जाएगी।