'समा' न्यूज चैनल ने कहा कि आउट होने के बाद सरफराज ने कथित तौर पर आपा खो दिया और इमाद वसीम तथा इमाम उल हक समेत खिलाड़ियों पर उनके खिलाफ गुटबाजी करने का आरोप लगाया। 'दुनिया' समाचार चैनल ने कहा कि टीम में दो गुट हैं जिनमें एक मोहम्मद आमिर का और दूसरा इमाद का है।
ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद एक मशहूर अभिनेता और क्रिकेटप्रेमी ने सोशल मीडिया पर मौखिक संदेश जारी करके शोएब मलिक, इमाम और बाबर आजम पर सरफराज के खिलाफ गुट खड़ा करने का आरोप लगाया ।
पीटीआई ने जब दो खिलाड़ियों से संपर्क किया तो उन्होंने गुटबाजी से इनकार किया लेकिन कहा कि सरफराज काफी नाराज होकर ड्रेसिंग रूम में आये थे और अपना गुस्सा कुछ खिलाड़ियों पर निकाला। एक खिलाड़ी ने कहा, 'लेकिन वह हताशा की वजह से था। उन्होंने किसी पर आरोप नहीं लगाया या गुटबाजी की बात नहीं की। उन्होंने यह जरूर कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए।'
पूर्व कप्तान मोईन खान ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का फर्ज है कि वह अपने प्रबंधन का साथ दे। उन्होंने कहा, 'बड़े मैच हारने पर ड्रेसिंग रूम में मतभेदों की बात हमेशा होती है। ऑस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ गलतियां हुई लेकिन वह सरफराज के साथ है।'