पाकिस्तान क्रिकेट टीम लंबे समय से एक पूर्णकालिक कोच के लिए तरस रही है। मिस्बाह उल हक ने टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके साथ गेंदबाजी कोच वकार यूनिस ने भी टीम का साथ छोड़ दिया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मिस्बाह के जाने के बाद सकलैन मुश्ताक को अंतरिम कोच बनाया था। अब बोर्ड एक पूर्णकालिक कोच चाहता है। पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा ने कहा है कि कप्तान बाबर आजम और सकलैन टीम के लिए विदेशी कोच चाहते हैं।
बाबर और सकलैन के अलावा के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान भी विदेशी कोच के पक्ष में हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने कहा, ‘‘कप्तान बाबर आजम, उपकप्तान रिजवान और सकलैन से कोच को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान सभी ने कहा कि राष्ट्रीय टीम के ड्रेसिंग रूम विदेशी कोच का होना बेहतर साबित होगा।’’
रमीज राजा ने कहा हम इस बारे में विचार कर रहे हैं कि पाकिस्तान के कोच विदेशी दौरे पर ज्यादा से ज्यादा जाए। वहां जाकर खुद में निखार लाएं और अनुभव का फायदा उठाएं। यह बात बाबर, रिजवान और सकलैन को बता दी गई है। पीसीबी ने कोच पद के लिए विज्ञापन दिया है।
रमीज राजा ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनर मैथ्यू हेडन और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज वर्नोन फिलैंडर को बल्लेबाजी और गेंदबाजी सलाहकार बनाया था। इनदोनों के होने से टीम के आत्मविश्वास में काफी बढ़ोतरी हुई। पाकिस्तानी टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप में भारत को हराया था। इसके अलावा उसने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
बाबर आजम ने एक दिन पहले ही कहा था कि भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में मिली जीत उनके लिए सबसे खूबसूरत पल था। बाबर इससे पहले 2019 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ हारने वाली पाकिस्तानी टीम के सदस्य थे। बाबर ने इसके अलावा कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार ने काफी दुख पहुंचाया था।