इंग्लैंड से मिली शिकस्त के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बड़ा फेरबदल किया है। रिटायर्ड अंपायर अलीम डार को चयन समिति में शामिल किया गया है। इसके अलावा पूर्व टेस्ट खिलाड़ी आकिब जावेद और अजहर अली भी नई चयन समिति का हिस्सा होंगे। बता दें कि, इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में शान मसूद की टीम को पारी और 47 रनों से कभी न भूल पाने वाली हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 0-1 से बढ़त हासिल कर ली। अब टीम की नजर दूसरे मुकाबले पर है।
डार के अलावा ये होंगे चयन समिति का हिस्सा
पाकिस्तान की नई चयन समिति में अलीम डार के अलावा आखिब जावेद, अजहर अली, हसन चीमा और असद शफीक शामिल हैं। डार पहले अंपायर हैं जिन्हें संन्यास के बाद बोर्ड की तरफ से यह जिम्मेदारी मिली है। पीसीबी ने कहा कि सभी सदस्यों को मतदान का अधिकार होगा लेकिन यह नहीं बताया कि मुख्य कोचों गैरी कर्स्टन और जैसन गिलेस्पी को भी क्या समिति में मत देने का अधिकार होगा। मालूम हो कि, अलीम ने हाल ही में संन्यास का एलान किया था। उन्होंने अब तक 145 टेस्ट, 231 वनडे, 72 टी20, पांच महिला टी20, 181 प्रथम श्रेणी मैच और 282 लिस्ट-ए मैचों में अंपायरिंग की है। उनके पेशेवर रवैये और सम्मानजनक व्यवहार ने उन्हें लोकप्रिय बना दिया था।
घर में पाकिस्तान की तीसरी हार
पाकिस्तान की टीम की यह टेस्ट में लगातार छठी हार है। इंग्लैंड से पहले ऑस्ट्रेलिया ने इस टीम को लगातार तीन टेस्ट और बांग्लादेश ने लगातार दो टेस्ट में हराया था। वहीं, अपने घर में पाकिस्तान लगातार तीसरा टेस्ट हारा है। मुल्तान टेस्ट में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 556 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने सात विकेट पर 823 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। उन्हें 267 रन की बढ़त हासिल थी। इसके जवाब में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 152 रन बना लिए थे। शुक्रवार को पांचवें दिन पाकिस्तान टीम 220 रन पर सिमट गई। गुरुवार के स्कोर में टीम 68 रन ही जोड़ पाई और बाकी बचे चार विकेट गंवा दिए।