इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला एकदिवसीय मुकाबला
पहला इंटरनेशनल वनडे मैच 5 जनवरी 1971 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था। उस मैच की खास बात यह थी कि यह मैच 40-40 ओवरों का हुआ था।
कौन बना था विजेता?
पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बिल लॉरी ने टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 190 रन बनाए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 42 गेंदे शेष रहते इस लक्ष्य को हासिल कर लिया था। इंग्लैंड के जॉन एडरिच ने वनडे इतिहास में पहला 'मैन ऑफ द मैच' का खिताब हासिल किया था। एडरिच ने तब इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक 82 रन बनाए थे।
कैसे हुई वनडे मैच की शुरुआत
इंग्लैंड की टीम एशेज सीरीज के लिए नवंबर 1970 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी। इस सीरीज में 7 मैच खेले जाने थे। ब्रिस्बेन और पर्थ में खेला गया सीरीज का पहला और दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। 31 दिसंबर 1970 से 5 जनवरी 1971 के बीच तीसरा मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना था, लेकिन बारिश के कारण मैच शुरू नहीं हुआ। मौजूदा समय में टेस्ट मैच 5 दिन का होता है, लेकिन उस दौरान 6 दिनों का टेस्ट मैच हुआ करता था, इसमें एक दिन 'रेस्ट डे' होता था। इस टेस्ट के आखिरी दिन जब बारिश बंद हुई तो दोनों टीमें सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिए तैयार हो गईं और इस तरह क्रिकेट का नया फॉर्मेट सामने आया, जिसे एकदिवसीय या वनडे मैच कहा जाने लगा।