न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच खेले गए दूसरे वनडे में मेजबान टीम ने पांच विकेट से बाजी मार ली। टॉम लाथम की कप्तानी पारी के दम पर न्यूजीलैंड की टीम ने क्राइस्टचर्च में खेले गए मुकाबले में 10 गेंद शेष रहते बांग्लादेश के 271 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही कीवियों ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी हासिल कर ली।
बात करें मैच की तो मंगलवार को खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जवाब में बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे चार रन के स्कोर पर लिटन दास के रूप में पहला झटका लगा। हालांकि इसके बाद कप्तान तमीम इक़बाल और सौम्य सरकार (32) ने मिलकर पारी को संभाला और अर्धशतकीय साझेदारी की। इनके बाद मुश्फिकुर रहीम ने भी 34 रन बनाए। अंत में मोहम्मद मिथुन के तूफानी अर्धशतक की बदौलत बांग्लादेश की टीम ने 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाए।
बांग्लादेश की तरफ से मोहम्मद मिथुन 57 गेंदों में 73 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि तमीम इकबाल ने भी 78 रन की पारी खेली। वहीं न्यूजीलैंड की तरफ से मिचेल सैंटनर दो विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही और 43 रन के स्कोर पर उसके दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद डेवोन कॉन्वे (72) और टॉम लाथम (110*) ने मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की और मैच को अपनी मुट्ठी में करने में सफल रहे। बांग्लादेश की तरफ से मुस्तफिजुर और मेहदी हसन ने दो-दो विकेट लिए।