भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार से बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है। भारतीय टीम हाल ही में बांग्लादेश को टेस्ट और टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद बढ़े आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर में खेले गए टेस्ट मैच में आक्रामक बल्लेबाजी की थी और बारिश से प्रभावित उस मैच को जीता था। अब न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा कि घरेलू मैदानों पर भारतीय टीम जिस तरह का क्रिकेट खेलती है, उससे मेहमान टीम को काफी दिक्कते होती हैं।
स्टीड ने कहा कि भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की गहराई सुनिश्चित करती है कि खिलाड़ियों की अनुपलब्धता से राष्ट्रीय टीम प्रभावित नहीं हो। स्टीड ने कहा, अगर भारतीय टीम में किसी को चोट लगती है तो यह उन्हें अन्य टीमों की तुलना में प्रभावित नहीं करता है। क्योंकि उनके पास कोई और ऐसा ही खिलाड़ी होता है जो उसकी तरह ही कुशल होता है। उनके पास बहुत सारे खिलाड़ी हैं जिन्हें वे बुला सकते हैं और वे भी उतने ही कुशल हैं। उनके पास बहुत सारे टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों की अनुभवी टीम है।
स्टीड ने खुलासा किया कि पूर्व कप्तान टिम साउदी पिछले भारत दौरों के फुटेज देखकर ट्रेनिंग कर रहे हैं। श्रृंखला से पहले साउदी के अंतिम एकादश में खेलने पर बहस चल रही है। स्टीड ने कहा, 'वे इस तरह का क्रिकेट खेलते हैं जिससे यहां आपके लिए चीजें मुश्किल हो जाती हैं। लेकिन यही चुनौती है जिसका हमें सामना करना है। साउथी के साथ मेरी बातचीत हुई। साउदी मानते हैं कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वह सब कुछ कर रहे हैं जो वे कर सकते हैं।' साउदी ने भारत दौरे से पहले न्यूजीलैंड के सर्वश्रेष्ठ हित के लिए टीम की कप्तानी छोड़ दी थी।