फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BCCI का सख्त फैसला: सिर्फ रोहित-कोहली ही नहीं, हर मौजूदा भारतीय खिलाड़ी के लिए विजय हजारे खेलना अनिवार्य किया

Mon, 15 Dec 2025 05:41 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

बीसीसीआई ने फैसला किया है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली समेत मौजूदा भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मुकाबले खेलना अनिवार्य होगा। यह निर्णय घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देने और सभी खिलाड़ियों के लिए समान नियम लागू करने के उद्देश्य से लिया गया है।
विज्ञापन
रोहित-कोहली - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेटरों के लिए घरेलू क्रिकेट को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ियों को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मुकाबले खेलना अनिवार्य होगा। यह टूर्नामेंट 24 दिसंबर से शुरू हो रहा है।
विज्ञापन


दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेले जाने वाले आखिरी टी20 मैच और 11 जनवरी 2026 से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के बीच करीब तीन हफ्ते का अंतर है। इसी अवधि का उपयोग करते हुए बीसीसीआई अपने सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट से जोड़े रखना चाहता है।

चयन समिति ने खिलाड़ियों को दी साफ हिदायत
अजीत अगरकर की अगुआई वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने यह निर्देश खिलाड़ियों तक पहुंचा दिया है। यह फैसला ऑस्ट्रेलिया में हुए टेस्ट सीरीज के खराब प्रदर्शन के बाद किए गए रिव्यू का हिस्सा है, जिसमें सभी फॉर्मेट्स में घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देने की सिफारिश की गई थी।

रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही अपनी उपलब्धता की जानकारी दे चुके हैं। इसके अलावा शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों को भी अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए कम से कम दो मैच खेलने के लिए कहा गया है। केवल श्रेयस अय्यर फिटनेस कारणों से फिलहाल इससे बाहर रह सकते हैं।

बीसीसीआई अधिकारी का बयान
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विजय हजारे ट्रॉफी में कुल छह राउंड होंगे और खिलाड़ी और राज्य संघ यह तय कर सकते हैं कि वो किन दो राउंड में खेलेंगे। हालांकि, यह भी साफ कर दिया गया है कि हजारे ट्रॉफी खेलना अब वैकल्पिक नहीं है। केवल वही खिलाड़ी छूट पा सकते हैं जिन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अनफिट घोषित करे।

बुमराह पारिवारिक कारणों से लौटे घर
इस बीच जसप्रीत बुमराह तीसरे टी20 मैच से पहले निजी कारणों से घर वापस लौट गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनके एक बेहद करीबी पारिवारिक सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं। हालात सुधरने पर बुमराह चौथे या पांचवें टी20 मैच के लिए टीम से जुड़ सकते हैं।
विज्ञापन

टी20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड सीरीज की टीम एक साथ
आईसीसी की समयसीमा को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई टी20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की टीम का एलान एक ही दिन करेगा। संभावना है कि यह घोषणा जनवरी के पहले सप्ताह में होगी और दोनों के लिए टीम समान रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें