पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हाल की घटनाओं से आहत होकर एक बड़ा फैसला किया है। पीसीबी अब से तटस्थ स्थानों पर अपनी घरेलू श्रृंखलाओं की मेजबानी करने पर विचार नहीं करेगा। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि देश अंतरराष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए सुरक्षित है।
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड की टीम साल 2005 में के बाद पहली बार पाकिस्तान के दौरे पर अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलने पहुंची थी, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाल देकर टीम बिना कोई मैच खेले वापस लौट गई। इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने खिलाड़ियों की सुरक्षा की बात कहकर पाकिस्तान का अपना दौरा रद्द कर दिया। लगातार दो टीमों द्वारा पाकिस्तान का दौरा रद्द करने से पीसीबी बुरी तरह आहत है।
पीसीबी के अधिकारी ने कहा, 'पाकिस्तान के सुरक्षा हालात अब अच्छे हैं और हमारे पास अंतरराष्ट्रीय टीमों की मेजबानी के लिए सब कुछ मौजूद है। इसलिए अब किसी तटस्थ स्थान पर मैच नहीं खेले जाएंगे।'
बता दें कि 2009 में श्रीलंकाई टीम पर आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तान की टीम यूएई में अपने घरेलू सीरीजों का आयोजन करते आई है। लेकिन पिछले कुछ समय से पीसीबी पाकिस्तान में ही पीएसएल और कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबान कर रही है।
न्यूजीलैंड-इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा दौरा रद्द करने के बाद पीसीबी ने श्रीलंका, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के क्रिकेट बोर्ड से घरेलू सीरीज के लिए बात की थी लेकिन उन्होंने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। अधिकारी के मुताबिक, 'शुरुआत में हमने कुछ बोर्ड से बात की थी लेकिन अब हमने राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप का आयोजन करने का फैसला किया है, यह आगामी वर्ल्ड कप के लिहाज से अहम होगा।'
पीसीबी के अधिकारी ने कहा, 'बोर्ड वर्ल्ड कप के लिए अपने स्क्वॉड और रिज़र्व खिलाड़ियों को थोड़ा पहले यूएई भेजने की कोशिश करेगा, जिससे खिलाड़ी वहां की परिस्थितयों में ढल सकें।'