विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर (नाबाद 110) की विपरीत परिस्थितियों में खेली गई शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और निर्णायक टेस्ट मैच ड्रा कराने में सफल रहा।
प्रायर की इस बेहतरीन पारी से तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 0-0 से बराबरी पर छूटी। मैच ड्रा समाप्त होने तक इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 315 रन बनाए।
प्रायर ने एक छोर पर खूंटा गाड़ते हुए 182 गेंदों में 20 चौकों की मदद से नाबाद 110 रन की पारी खेली जबकि इयान बेल ने 75 रन का योगदान दिया।
इस रोमांचक मुकाबले में न्यजीलैंड को टेस्ट और सीरीज जीतने के लिए सिर्फ एक विकेट चटकाना था और 19 गेंद बाकी थी। लेकिन प्रायर ने मोंटी पनेसर (05) के साथ मिलकर न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
मैच के अंतिम दिन सुबह 481 रन के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने चार विकेट पर 90 रन से आगे पारी बढ़ाई। एक समय इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 159 रन हो गया।
लेकिन बेल और प्रायर ने सातवें विकेट के लिए 78 रन की अहम साझेदारी निभाई। इस दौरान साउदी के एक ओवर में प्रायर को आउट दे दिया गया। प्रायर ने इसके खिलाफ रेफरल मांगा और वह अपना विकेट बचाने में सफल रहा।