न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच आज तीन टी-20 मैच की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। हैमिल्टन में खेले गए इस मैच में मेहमान टीम ने बांग्लादेश को 66 रनों से शिकस्त दी। बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 211 रन बनाने थे लेकिन पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 144 रन बना सकी। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। न्यूजीलैंड को मैच जिताने में डेवॉन कॉन्वे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने इस मैच में 92 रनों की आतिशी पारी खेली।
हैमिल्टन में खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और पहला विकेट सिर्फ 1 रन पर गिर गया। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे डेवॉन कॉन्वे ने मार्टिन गप्टिल के साथ मोर्चा संभाला।
मार्टिन गप्टिल 35 रन बनाकर आउट हुए लेकिन कॉन्वे डटे रहे। उन्होंने बांग्लादेश के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए विल यंग के साथ शतकीय साझेदारी निभाई। डेवॉन कॉन्वे ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों पर 92 रनों की आक्रामक पारी खेली। अपनी पारी के दौरान कॉन्वे ने 11 चौके और 3 छक्के जड़े।
वहीं इस मैच में अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले विल यंग ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेशी गेंदाबाजों की बखिया उधेड़ दी। वह 30 गेंदों पर 53 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी के दौरान यंग ने 2 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं आखिरी ओवर्स के दौरान ग्लेन फिलिप्स ने मेहमान गेंदबाजों पर धावा बोलते हुए 10 गेंदों पर 24 रन ठोक दिए। इस तरह न्यूजीलैंड अपनी पारी में 3 विकेट पर 210 रन बनाने में सफल रहा।
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरूआत बहुत अच्छी नहीं रही और पहला विकट 20 रनों पर धराशायी हो गया। पारी की शुरूआत करने आए लिटन दास 4 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान कीवी गेंदबाजों ने मारक गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया।
बांग्लादेश की तरफ से अफीफ होसैन ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। उनके अलावा मोहम्मद सैफुद्दीन ने 34 और मोहम्मद नईम ने 27 रनों की पारियां खेलीं। इन तीन बल्लेबाजों के अलावा बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सका।
न्यूजीलैंड के सबसे सफल गेंदबाज ईश सोढी रहे। उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश के 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा लॉकी फर्ग्युसन ने 2 जबकि टीम साउदी और हमीश बैनेट को 1-1 विकेट मिला। कीवी टीम की ओर से धुआंधार 92 रन बनाने वाले डेवॉन कॉन्वे को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।