इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से पिछड़ने के बाद न्यूजीलैंड की टीम मुश्किलों में फंसती नजर आ रही है। टीम के प्रमुख बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे तीसरे टेस्ट से पहले कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वो न्यूजीलैंड की टीम के तीसरे खिलाड़ी हैं, जो इस टेस्ट सीरीज के दौरान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनसे पहले टीम के कप्तान केन विलियम्सन और ऑलराउंडर मिशेल ब्रैसवेल कोरोना का शिकार हो चुके हैं। इसके अलावा न्यूजीलैंड टीम के दो सहायक स्टाफ भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
कीवी टीम में कोरोना के कई मामले सामने आने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि न्यूजीलैंड की टीम भी वही कर सकती है, जो भारत ने पिछले साल किया था। इंग्लैंड दौरे में भारतीय टीम के कई खिलाड़ी कोरोना की चपेट में आ गए थे और आखिरी मैच में कई खिलाड़ियों ने खेलने से मना कर दिया था। इसके बाद टीम इंडिया सीरीज अधूरी छोड़कर दुबई चली गई थी। अब न्यूजीलैंड की टीम भी बीच में ही सीरीज छोड़ सकती है।