टीम इंडिया के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा वनडे क्रिकेट में नए बदलाव से काफी खुश हैं।
इस तेज गेंदबाज का मानना है कि वनडे क्रिकेट में दोनों छोर से नई सफेद गेंद का इस्तेमाल तेज गेंदबाजों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है।
इशांत हाल के दिनों में वनडे क्रिकेट में अपनी सफलता का श्रेय भी नियम में हुए इस बदलाव को ही देते हैं।
उन्होंने कहा, "निश्चित रूप से काफी बड़ा बदलाव आ गया है, क्योंकि हार्ड सिम से तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। पहले गेंद 25 ओवर के बाद पुरानी हो जाती थी और उसका इस्तेमाल हमें शुरुआत में ही करना होता था, लेकिन अब हमें नई गेंद का इस्तेमाल करने के लिए काफी समय मिल जाता है।"
इशांत ने कहा, "यह तेज गेंदबाजों के लिए काफी फायदेमंद है, क्योंकि आप नई गेंद से अधिक स्पीड के साथ ही स्विंग भी निकाल सकते हो।"
इशांत ने अपने आखिरी 10 वनडे में 18 विकेट लिए हैं।
उन्होंने हाल में मिली अपनी सफलता के लिए टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और कोच डंकन फ्लेचर का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि टेस्ट और चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के लिए धोनी का अहम योगदान है।