वीरनदीप के छह गेंदों पर छह विकेट गिरे
- फोटो : सोशल मीडिया
नेपाल में इस समय प्रो क्लब टी-20 चैंपियनशिप खेली जा रही है। इस चैंपियनशिप के एक मैच में मलेशिया के 22 साल के बाएं हाथ के स्पिनर वीरनदीप सिंह ने कमाल कर दिया। उन्होंने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया। विपक्षी टीम की पारी के 20वें ओवर में वीरनदीप गेंदबाजी के लिए और उनके छह गेंदों पर छह विकेट गिरे। इसमें पांच विकेट और रन आउट शामिल है।
वीरनदीप टीम मलेशिया इलेवन से खेल रहे थे। पुश स्पोर्ट्स दिल्ली के खिलाफ मैच में उनके छह गेंदों पर छह विकेट गिरे। वीरनदीप ने वाइड से शुरुआत की। इसके बाद पहली गेंद पर उन्होंने पुश स्पोर्ट्स के कप्तान मृगांक पाठक को कैच आउट करा पवेलियन भेजा। दूसरी गेंद पर ईशान पांडे रन आउट हुए। तीसरी गेंद पर वीरनदीप ने अनिंदो नहाराय, चौथी गेंद पर विशेष सरोहा को क्लीन बोल्ड किया।
पांचवीं गेंद पर वीरनदीप ने जतिन सिंघल को कैच आउट और आखिरी गेंद पर स्पर्श को क्लीन बोल्ड किया। वीरनदीप ने तीन बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड और दो को कैच आउट कराया। उन्होंने अपने दो ओवर के स्पेल में नौ रन देकर पांच विकेट झटके।
वीरनदीप के छह गेंदों का विवरण
- पहली गेंद: वाइड
- पहली गेंद: मृगांक पाठक को कैच आउट कराया
- दूसरे गेंद: ईशान पांडे रन आउट हुए
- तीसरे गेंद: अनिंदो नहाराय को क्लीन बोल्ड किया
- चौथी गेंद: विशेष सरोहा को क्लीन बोल्ड किया
- पांचवीं गेंद: जतिन सिंघल को कैच आउट किया
- छठी गेंद: स्पर्श को क्लीन बोल्ड किया
मैच की बात करें तो मलेशिया ने पुश स्पोर्ट्स को सात विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुश स्पोर्ट्स ने 132 रन बनाए थे और मलेशिया के सामने 133 रन का लक्ष्य रखा। इस लक्ष्य को टीम मलेशिया ने 18 ओवर में ही हासिल कर लिया।
वीरनदीप ने गेंद के साथ-साथ अच्छी बल्लेबाजी भी की। उन्होंने 19 गेंदों पर 33 रन बनाए। इसमें चार चौके और दो छक्के शामिल हैं। वीरनदीप मलेशिया के लिए 29 टी-20 मुकाबले खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने 113 के स्ट्राइक रेट से 800 रन बनाए हैं।