भारतीय उपमहाद्वीप से एक और देश क्रिकेट जगत में जोरदार अंदाज में दस्तक देने को तैयार हो गया है।
अगले साल होने वाले ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप में इस उपमहाद्वीप से भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और मेजबान बांग्लादेश के अलावा दो और देशों ने क्वालीफाई कर लिया है। अफगानिस्तान के बाद नेपाल ने भी बांग्लादेश में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप का टिकट कटाने में सफलता हासिल की है।
ऐसा पहली बार होगा जब नेपाल की क्रिकेट टीम वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएगी। नेपाली टीम ने अबु धाबी में हुए क्वालीफाइंग मुकाबले में हांगकांग को आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में पांच विकेट से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी जगह बनाई।
क्रिकेट जगत में एशिया की सात क्रिकेट टीमें एक वर्ल्ड कप में जलवा बिखेरेंगी। हालैंड को 10 रन से हराने के साथ ही यूएई ने भी वर्ल्ड कप के लिए टिकट कटा लिया है।
नेपाल इस साल वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी टीम है। इससे पहले अफगानिस्तान और आयरलैंड भी क्वालीफाई कर चुके हैं।
नेपाली टीम को जीत के लिए अंतिम ओवर में 13 रन बनाने थे और शरद वेसावकर (नाबाद 13) ने लगातार दो गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर टीम को जीत के बेहद करीब ला दिया था। लेकिन बल्लेबाज अगली तीन गेंदों में दो रन ही बना पाए। अंतिम गेंद पर जीत के लिए एक रन चाहिए थे जिसे वेसावकर हासिल करने में सफल रहे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हांगकांग ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन बनाए। जिसके जवाब में नेपाल ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 144 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही नेपाल ने टी-20 वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना लिया।
सेमीफाइनल में नेपाल का मुकाबला अफगानिस्तान की टीम से होगा।