सुनील गावस्कर से डेब्यू टेस्ट कैप प्राप्त करते श्रेयस अय्यर
- फोटो : ICC@twitter
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कानुपर में शुरू हो गया है। यह मैच टीम इंडिया के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के लिए खास है। क्योंकि इस मुकाबले के जरिए वह अपने टेस्ट करियर का आगाज कर रहे हैं। श्रेयस अय्यर के डेब्यू टेस्ट में उन्हें भारत के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गवास्कर ने कैप दी। 26 वर्षीय श्रेयस भारत के 303वें टेस्ट खिलाड़ी हैं।
श्रेयस अय्यर हुए भावुक
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर किया है। जिसमें श्रेयस अय्यर को पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर टेस्ट कैप दे रहे हैं। इस दौरान टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान अजिंक्य रहाणे समेत दूसरे खिलाड़ी भी वहां मौजूदा हैं। गावस्कर ने जैसे ही श्रेयस को डेब्यू कैप दी तो वह उसे चूमते हुए भावुक हो गए।
साल 2017 से खेल रहे हैं अय्यर
वैसे श्रेयस अय्यर भारत के लिए साल 2017 से लिमिटेड ओवरों के मैच में खेल रहे हैं। वह सीमित प्रारूप के तहत अब तक 54 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं जिनमें उन्होंने 1393 रन बनाए हैं। इस दौरान वनडे में उनका औसत 42.7 जबकि टी-20 इंटरनेशनल में 27.6 रहा है। श्रेयस ने काफी अरसे बाद टीम इंडिया में वापसी की है। इससे पहले वह चोटिल हो जाने के चलते काफी दिनों से टीम से बाहर थे। आईपीएल 2020 उनके लिए काफी सफल रहा जिसमें उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल के लिए 519 रन बनाए थे।
विराट को दिया गया आराम
वर्कलोड को देखते हुए टीम इंडिया के नियमित कप्तन विराट कोहली को कानपुर टेस्ट तक आराम दिया गया है। वह मुंबई टेस्ट में टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे। यही वजह है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में नहीं खेले थे। केएल राहुल के चोटिल होने के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल किया गया था। लेकिन श्रेयस अय्यर बाजी मारने में सफल रहे।