भारत और पाकिस्तान के बीच आज टी20 विश्व कप 2024 का 19वां मुकाबला नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। महामुकाबले से पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह ने दवाब पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ी दवाब महसूस करते हैं।
दोनों टीमों के हेड-टु-हेड रिकॉर्ड
टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमें सात बार आमने-सामने आई हैं। इनमें से छह बार भारत ने जीत का स्वाद चखा है जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है। वहीं, ओवरऑल टी20 में भारत और पाकिस्तान की 12 मैचों में टक्कर हुई है। आठ मैचों में भारत ने जीत दर्ज की है जबकि तीन बार पाकिस्तान को जीत मिली है।
तेज गेंदबाज का बयान
नसीम शाह ने एक इंटरव्यू के दौरान भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दवाब पर बात की। उन्होंने कहा, "मैं व्यक्तिगत रूप से यह नहीं मानता कि दोनों देशों के खिलाड़ियों की गुणवत्ता में कोई बड़ा में अंतर है, लेकिन अगर कोई यह दावा करता है कि भारत-पाकिस्तान मैच में कोई अतिरिक्त दबाव नहीं होता, तो जाकर भारत और पाकिस्तान के लोगों से पूछिए! दोनों देशों के प्रशंसकों और खिलाड़ियों पर बहुत ज्यादा दबाव होता है। अगर आप इतने बड़े मैच में दबाव महसूस नहीं करते, तो आप इंसान नहीं हैं।" आखिरी बार भारत और पाकिस्तान की टीम टी20 में 2022 में हुए विश्व कप में आमने-सामने आई थी और तब टीम इंडिया ने मेलबर्न में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान को चार विकेट से हराया था।
नसीम शाह का करियर
साल 2022 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज नसीम शाह ने अपने अब तक के करियर में 26 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने 7.86 के इकोनॉमी रेट से रन खर्च करते हुए 20 विकेट हासिल किए हैं। हाल ही में अमेरिका के खिलाफ खेले गए पहले टी20 विश्व कप 2024 के मुकाबले में नसीम शाह कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे। 21 वर्षीय गेंदबाज को सिर्फ एक विकेट मिला था।