जस्टिस मुकुल मुदगल समिति ने आईपीएल सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग मामले में एन श्रीनिवासन और 12 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के खिलाफ अपनी आखिरी जांच रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी है।
जस्टिस तीरथ सिंह ठाकुर की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि रिपोर्ट पर 10 नवंबर को सुनवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिवक्ता राजू रामचंद्रन ने अदालत को बताया कि समिति की अंतिम रिपोर्ट तैयार हो गई है और उसे जमा कर दिया गया है।
इस बीच, जस्टिस मुदगल ने समिति के काम पर संतोष व्यक्त किया। लेकिन उन्होंने रिपोर्ट के बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस मुकुल मुदगल ने पत्रकारों को बताया कि अब यह सुप्रीम कोर्ट को तय करना है कि हमारा काम संतोषजनक रहा या नहीं। हमने आदेश का पालन किया और अच्छा काम किया। रिपोर्ट अब अदालत के पास है और उसे भावी कार्रवाई पर फैसला करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि समिति के सदस्यों पर जांच के दौरान किसी तरह का दबाव नहीं था।