भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टी-20 विश्व कप के बाद घर लौट चुके हैं। 40 साल के इस खिलाड़ी ने चेन्नई सुपर किंग्स से आईपीएल 2021 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम से मेंटर के तौर पर जुड़े थे। अब वह रांची में अपने घर पर परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। इसी कड़ी में उनकी पत्नी साक्षी सिंह धोनी ने शुक्रवार को एक तस्वीर शेयर की। इसमें धोनी अपने हनी के साथ चाय पीते दिखे।
दरअसल, धोनी का यह हनी और कोई नहीं बल्कि, उनका तोता है। साक्षी ने धोनी और तोते की तस्वीर शेयर की है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- धोनी और उनका हनी। इसके साथ ही साक्षी ने #chaiDates (#चायडेट्स) शब्द का भी इस्तेमाल किया। धोनी इस तस्वीर में चाय पी रहे हैं और हनी उनके कंधे पर बैठा हुआ है। यह तस्वीर कुछ ही घंटों में वायरल हो गई और लाखों लोगों ने इसे पसंद किया है।
तोते के अलावा धोनी के पास कुत्ते भी हैं, जिसकी तस्वीर धोनी और साक्षी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते रहते हैं। धोनी के पास मौजूद रांची फार्म हाउस में घोड़े भी मौजूद हैं। इससे पहले साक्षी ने घोड़े के साथ खेलते धोनी की तस्वीर भी शेयर की थी। अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वह आईपीएल खेल रहे हैं। इस साल उनकी टीम ने आईपीएल का खिताब भी जीता था।
40 साल की उम्र में भी धोनी काफी फिट हैं। वह कई बार जिम में पसीना बहाते देखे गए हैं। हाल ही में धोनी रांची में मौजूद स्टेडयिम भी पहुंचे थे और अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की थी।