देश में युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। बस उन्हें तलाशने और तराशने की दरकार है। ऐसे ढेरों युवा खिलाड़ी हैं, जिनका सपना होता है कि वो टीम इंडिया की ओर से खेले। मगर यह सपना किसी का साकार हो जाता है तो कोई इसके इंतजार में रहता है। कुछ ऐसे ही सपना संजोए बैठे हैं दिल्ली के ऑलराउंडर मोक्ष मुरगई। मोक्ष ने साल 2018 में इंटनेशनल स्कूल प्रीमियर लीग में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इस लीग में दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टीमों ने भी हिस्सा लिया था।
केवल सात साल की उम्र में थामा था बल्ला
केवल सात साल की उम्र में बल्ला थामने वाले मोक्ष ने अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 श्रेणी में जिला और इंटरजोनल स्तर पर खेला। 21 वर्षीय इस युवा खिलाड़ी ने डोमेस्टिक लेवल पर धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 30 से ज्यादा शतक, 50 से अधिक अर्धशतक और 250+ विकेट चटकाए हैं।
रेलवे अंडर-23 रणजी कैंप का भी रह चुके हैं मोक्ष
मोक्ष मुरगई को 2019-20 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के खेल अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। वह रेलवे अंडर-23 रणजी कैंप का हिस्सा भी रह चुके हैं। दिल्ली के रहने वाले मोक्ष नोएडा में आशीष नेहरा क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग करते हैं। कोरोना वायरस के कारण मोक्ष मैदान में जाकर अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि, युवा क्रिकेटर ने अपने घर की छत को ही स्टेडियम बना लिया और रोजाना करीबन चार-पांच घंटे अभ्यास करते हैं।
डीडीसीए लीग 2018 में किया था सबको प्रभावित
मोक्ष रेलवे अंडर-23 रणजी कैंप में भी हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने डीडीसीए लीग 2018 में अपने ऑलराउंडर खेल से सबको प्रभावित किया था। मोक्ष ने टूर्नामेंट में 1200 से ज्यादा रन बनाने के साथ-साथ 20 विकेट भी चटकाए थे। आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले मोक्ष ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें एसएच स्पोर्ट्स, मेरठ से अनुबंध मिला था।
धोनी की कप्तानी में आईपीएल खेलने की चाहत
इस युवा ऑलराउंडर का सपना धोनी की तरह बनना है। वह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलना चाहते हैं।