आईसीसी ने नवंबर महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के विजेता की घोषणा कर दी है। विश्व कप फाइनल में शतक लगाने वाले ट्रेविस हेड को अवॉर्ड मिला। उन्होंने भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और अपने साथी खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ा। नवंबर में मैक्सवेल ने विश्व कप में शानदार दोहरा शतक लगाया था। वहीं, शमी ने लगातार अच्छी गेंदबाजी की और टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
नवंबर महीने में हेड ने वनडे में 220 रन बनाए। इस दौरान एक अर्धशतक और एक शतक लगाया। विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला था। 29 वर्षीय हेड ने विजेता घोषित किए जाने के बाद अपने साथियों को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा, ''यह टीम के लिए अविश्वसनीय 12 महीने रहे हैं जिसका हिस्सा बनना वास्तव में सौभाग्य की बात है। जिस तरह से हमने प्रदर्शन किया है उसका श्रेय पैट कमिंस, खिलाड़ियों और स्टाफ को जाता है।''