वनडे विश्व कप 2023 के 22वें मैच में अफगानिस्तान का सामना पाकिस्तान से था। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और अफगानिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी मोहम्मद नबी ने जमकर मस्ती की। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों का याराना देखने को मिला। बाबर जब बल्लेबाजी कर रहे थे और नॉन स्ट्राइक पर थे तो वह नबी के गेंद करने से पहले ही क्रीज से बाहर जा रहे थे। ऐसे में नबी ने उन्हें रन आउट करने की धमकी दी। वहीं, जब बाबर के जूते के फीते खुल गए तो नबी उन्हें बांधने के लिए वहां आए, लेकिन बाबर ने उनका सम्मान करते हुए उन्हें ऐसा करने से मना कर दिया।
क्रिकेट विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान एक बार फिर नॉन स्ट्राइक पर बल्लेबाज को रन आउट करने के मामले पर बहस छिड़ गई। इस मुकाबले में मोहम्मद नबी ने गेंद फेंकने से पहले बाबर आजम को क्रीज छोड़ने के खिलाफ चेतावनी देने के लिए बीच में ही रोक दिया। अफगानिस्तान के क्रिकेटर ने गिल्लियां नहीं बिखेंरीं, लेकिन उन्होंने अगली गेंद फेंकने से पहले बाबर को चेतावनी दी।
इसी मैच में बल्लेबाजी के दौरान बाबर आजम के जूते के फीते खुल गए। आमतौर पर फील्डिंग कर रहे खिलाड़ी बल्लेबाज के फीते बांध देते हैं। क्योंकि, बल्लेबाज को ग्लव्स के साथ फीते बांधने में परेशानी आती है। जब बाबर के फीते खुले तो मोहम्मद नबी ने उन्हें बांधने की पेशकश की। हालांकि, बाबर ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। उन्होंने खुद अपने ग्लव्स निकाले और जूते के फीते बांध लिए। नबी उम्र में बाबर से काफी बड़े हैं, ऐसे में बाबर ने उनसे अपने जूते के फीते नहीं बंधवाए।
सोशल मीडिया पर बाबर के इस फैसले की जमकर तारीफ हुई। फैंस ने कहा कि बाबर का सीनियर खिलाड़ी के प्रति सम्मान काफी अच्छा है।