भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी टीम में वापसी करने को लेकर संशय में है। हालांकि, शमी भारतीय जर्सी में वापस आने से पहले घरेलू क्रिकेट में खेलेंगे। शमी पिछले साल भारत को वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद से बाहर चल रहे हैं। शमी की फरवरी में सर्जरी हुई थी और तब से वह इससे उबर रहे हैं। इस भारतीय गेंदबाज ने हालांकि बेंगलुरु स्थिति राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में नेट्स पर गेंदबाजी करना शुरू कर दिया था।
बंगाल के लिए कुछ मुकाबले खेलेंगे शमी
शमी ने कोलकाता में एक कार्यक्रम में कहा, यह कहना मुश्किल है कि मैं कब वापसी करूंगा। मैं काफी कोशिश कर रहा हूं, लेकिन उम्मीद है कि भारतीय जर्सी पहनने से पहले आप मुझे बंगाल की जर्सी में देखेंगे। मैं बंगाल के लिए दो-तीन मैच खेलने के लिए वापस आऊंगा और इसके लिए तैयारी करूंगा।
बीसीसीआई ने घरेलू क्रिकेट खेलना किया था अनिवार्य
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम में वापसी करने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य किया था। बीसीसीआई ने सभी क्रिकेटरों को राष्ट्रीय जिम्मेदारी से मुक्त रहने पर घरेलू क्रिकेट खेलने के निर्देश दिए थे। हालांकि, रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को इससे छूट मिली हुई है। बीसीसीआई ने यह निर्णय घरेलू क्रिकेट को महत्व देने के लिए लिया था जिससे खिलाड़ियों की फिटनेस और फॉर्म बरकरार रह सके।
आईपीएल और टी20 विश्व कप में भी नहीं खेले थे शमी
शमी ने कहा कि उन्होंने सोचा भी नहीं था कि उनकी चोट इतनी गंभीर होगी कि वह आईपीएल 2024 और टी20 विश्व कप जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में नहीं खेल सकेंगे। शमी ने कहा, 'मैंने नहीं सोचा था कि चोट इतनी गंभीर होगी। लेकिन वनडे विश्व कप के दौरान यह काफी गंभीर होती चली गई और मैं भी चोट के साथ खेलने का जोखिम नहीं ले पा रहा था। यहां तक कि डॉक्टरों को भी उम्मीद नहीं थी कि चोट इतनी गंभीर बन जाएगी और ठीक होने में इतना समय लेगी।' मालूम हो कि शमी गुजरात टाइटंस के लिए 2024 आईपीएल में नहीं खेले थे और टी20 विश्व कप टीम का भी हिस्सा नहीं थे।