शुक्रवार को ऐडिलेड में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच से पहले ही पाकिस्तान को जोरदार झटका लगा है। टीम में तुरुप का इक्का माने जाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान कूल्हे में फ्रैक्चर के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए है।
7 फुट एक इंच लंबे बांए हाथ के इस तेज गेंदबाज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के दौरान कूल्हे में दर्द की शिकायत आई थी। लेकिन कप्तान मिसबाह उल हक की जिद के चलते इरफान ने अपना स्पेल पूरा किया। हालांकि अगले निर्णायक लीग मैच में वह आयरलैंड के खिलाफ नहीं खेल पाए थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान मैच जीत तो गई लेकिन उनकी टीम के घातक गेंदबाज इरफान चोटिल हो गए थे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से आए आधिकारिक बयान के मुताबिक इरफान वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से बाहर हो गए है। उन्हें कूल्हे में फ्रेंक्चर के चलते बाहर किया गया है। उनके स्थान पर एहसान आदिल खेलेंगे।