पाकिस्तान क्रिकेट में इन दिनों बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे प्रमुख दौरे से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। विश्व कप 2023 में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद बाबर आजम को तीनों प्रारूप की कप्तानी छोड़नी पड़ी। वहीं, शाहीन शाह अफरीदी को टी20 और शान मसूद को टेस्ट का नया कप्तान नियुक्त किया गया। मिकी आर्थर को भी क्रिकेट डायरेक्टर के पद से हटाकर पाकिस्तान के ही पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर, पीसीबी ने पूर्व तेज गेंदबाज वहाब रियाज को पुरुष टीम का मुख्य चयनकर्ता बनाया है।
हफीज निभाएंगे मुख्य कोच की भूमिका
अब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हफीज आगामी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे के लिए पाकिस्तान के मुख्य कोच का रोल भी निभाएंगे। हेड कोच ब्रैडबर्न को भी हटा दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने इससे पहले चयन समिति को भी बर्खास्त कर दिया था और नए मुख्य चयनकर्ता की तलाश जारी है। पाकिस्तान के ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत छह दिसंबर से हो रही है। इस दौरान टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी।
हफीज पाकिस्तान टीम के डायरेक्टर भी हैं
पाकिस्तान की टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
हफीज को पाकिस्तान टीम का निदेशक नियुक्त किया गया था। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अब टीम निदेशक और मुख्य कोच के पद का विलय करेगा। फिलहाल हफीज ऑस्ट्रेलिया में आगामी तीन टेस्ट मैचों और न्यूजीलैंड में पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में दोहरी भूमिका निभाएंगे। हफीज हाल में पीसीबी क्रिकेट तकनीकी समिति का हिस्सा थे, लेकिन विश्व कप से तुरंत पहले उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था। पूर्व ऑलराउंडर पाकिस्तान पुरुष टीम का हिस्सा थे, जिसने 2017 में इंग्लैंड में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।
पीसीबी ने हेड कोच के पोर्टफोलियो में किया बदलाव
पीसीबी ने पाकिस्तान के कोचिंग स्टाफ के पोर्टफोलियो में बदलाव किया है। नए नियम के मुताबिक, सभी कोच राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में काम करना जारी रखेंगे, जबकि पीसीबी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आगामी सीरीज के लिए उचित समय पर नए कोचिंग स्टाफ की घोषणा करेगा। पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने बुधवार को भारत में आईसीसी विश्व कप 2023 में अपनी टीम के खराब प्रदर्शन के बाद खेल के सभी प्रारूपों से पाकिस्तान के कप्तान के रूप में पद छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की थी।
विश्व कप में पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन
पाकिस्तान टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान को वनडे विश्व कप 2023 में अपने नौ मैचों में से पांच में हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तानी टीम को चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के हाथों सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। टूर्नामेंट के अपने आखिरी लीग मैच तक पाकिस्तान की टीम लगभग बाहर हो गई थी। 'मेन इन ग्रीन' को इंग्लैंड को भारी अंतर से हराने की जरूरत थी, लेकिन इंग्लैंड के पहले बल्लेबाजी करते ही वह संभावनाएं भी खत्म हो गई थीं। पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ हार के साथ टूर्नामेंट का अंत किया था।
शाहीन टी20 और शान मसूद टेस्ट कप्तान बने
शाहीन और शान मसूद
- फोटो : सोशल मीडिया
विश्व कप टूर्नामेंट के बीच में ही मुख्य चयनकर्ता इंजमाम उल हक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मोर्ने मोर्कल ने पाकिस्तान पुरुष टीम के गेंदबाजी कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था। दक्षिण अफ्रीका का यह पूर्व तेज गेंदबाज इस साल जून में छह महीने के अनुबंध पर पाकिस्तान टीम से जुड़ा था। उसके बाद पीसीबी ने पूरी चयन समिति को ही बर्खास्त कर दिया था। फिर बाबर ने कप्तानी छोड़ी। शाहीन अफरीदी को टी20 और शान मसूद को टेस्ट कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पाकिस्तान का ऑस्ट्रेलिया दौरा
- दिसंबर 6-9: वॉर्म अप मैच (कैनबरा)
- दिसंबर 14-18: पहला टेस्ट (पर्थ)
- दिसंबर 26-30: दूसरा टेस्ट (मेलबर्न)
- जनवरी 3-7: तीसरा टेस्ट (सिडनी)
पाकिस्तान का न्यूजीलैंड दौरा
- 12 जनवरी: पहला टी20 (ऑकलैंड)
- 14 जनवरी: दूसरा टी20 (हैमिल्टन)
- 17 जनवरी: तीसरा टी20 (ड्यूनडिन)
- 19 जनवरी: चौथा टी20 (क्राइस्टचर्च)
- 21 जनवरी: पांचवां टी20 (क्राइस्टचर्च)