वॉन ने बताया नि:स्वार्थ निर्णय
माइकल वॉन ने विराट के इस निर्णय को बेहद नि:स्वार्थ बताते हुए कहा कोहली आराम कर सकते हैं और खेल के सबसे छोटे प्रारूप में बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह का उपयोग सकते हैं, उम्मीद है दाहिने हाथ का यह बल्लेबाज टी-20 इंटरनेशनल में अपना धमाल जारी रखेगा। वॉन ने विराट की इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, बहुत अच्छा किया, यह बहुत ही नि:स्वार्थ निर्णय है, आपको सभी दबावों से थोड़ा आराम करने का अच्छा समय मिलेगा।
2017 में विराट बने थे कप्तान
विराट कोहली साल 2017 से टीम इंडिया की सभी फॉर्मेट में कप्तानी कर रहे हैं। वह 2014 में भारत के टेस्ट कप्तान बने थे जब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एमएस धोनी ने अचानक टेस्ट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद 2017 में महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से कप्तानी छोड़ दी थी जिसके बाद विराट को कप्तान बनाया गया।
टी20 विश्व कप के बाद कप्तानी छोड़ने का किया फैसला
गुरुवार को विराट कोहली ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा्, मैंने अक्टूबर में दुबई में इस टी20 विश्व कप के बाद टी20 कप्तान के रूप में पद छोड़ने का फैसला किया है, कार्यभार को समझना एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात है, बीते 8-9 वर्षों में तीनों प्रारूपों में खेलने और पिछले पांच वर्षों से नियमित रूप से कप्तानी करने पर मुझे लगा कि भारतीय टीम का नेतृत्व करने और पूरी तरह से तैयार होने में खुद को जगह देने की जरूरत है। लेकिेन टेस्ट और वनडे में कप्तानी जारी रखूंगा। कोहली ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय कोच रवि शास्त्री और रोहित शर्मा से बात करने के बाद लिया है।
ऐसा है विराट का टी-20 में कप्तानी का रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 45 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तानी की। जिनमें 27 मुकाबले जीते और 14 हारे। इस दौरान दो मैच टाई रहे और दो मुकाबलों के परिणाम नहीं निकल सका। इसके अलावा विराट कोहली अपनी कप्तानी में कम से कम तीन टी-20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में भारतीय सरजमीं पर कभी नहीं हारे।