मुंबई इंडियंस का रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स से सामना होगा। इस मैच में हार्दिक पांड्या की टीम जीत की लय बरकरार रखने और अंक तालिका में आगे निकलने का लक्ष्य लेकर उतरेगी। वहीं, ऋषभ पंत की अगुआई वाली लखनऊ की निगाह जीत के अलावा अपने नेट रन रेट में सुधार करने पर भी होगी क्योंकि आगे इसकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। इन दोनों टीम के अभी तक समान 10 अंक हैं लेकिन मुंबई बेहतर नेट रन रेट के आधार पर चौथे जबकि लखनऊ की टीम छठे स्थान पर है। अब तक नौ मैचों में से इन दोनों ने पांच मैच जीते हैं और चार हारे हैं।
खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत
जहां ये दोनों टीमें वानखेड़े स्टेडियम में मैदान पर वर्चस्व के लिए भिड़ेंगी, वहीं मुंबई की भीषण गर्मी और उमस भी खिलाड़ियों की विपरीत परिस्थितियों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की तैयारी को परखने में अपनी भूमिका निभाएगी। लखनऊ के लिए कप्तान ऋषभ पंत की खराब फॉर्म चिंता का विषय है क्योंकि उन्होंने अब तक नौ मैचों में 106 रन बनाए हैं। मुंबई के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने उनकी कड़ी परीक्षा होगी।
मुंबई की शानदार वापसी
मुंबई की टीम सही समय पर अपने चरम पर पहुंची है। उसने लगातार चार मैच जीत कर खुद को प्लेऑफ में पहुंचने की दौड़ में आगे कर दिया है और उसकी टीम अपना विजय अभियान जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी। उसकी टीम यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ है और वह इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। मुंबई के प्रमुख खिलाड़ी रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट और यहां तक कि हार्दिक पंड्या सही समय पर फॉर्म में लौट आए हैं और उनसे पार पाना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा।
रोहित की फॉर्म में वापसी
रोहित ने चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो विस्फोटक अर्धशतकों के साथ लय हासिल कर ली है और अब वह विरोधी टीमों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गए हैं। हालांकि सूर्यकुमार को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं थी, लेकिन आईपीएल की शुरुआत में इस शीर्ष टी20 बल्लेबाज की परिचित चमक गायब थी, लेकिन दाएं हाथ का बल्लेबाज भी तिलक वर्मा की तरह अपनी लय हासिल करने में सक्षम है।
हार्दिक ने किया प्रभावित
हार्दिक ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि तेज गेंदबाज दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है। जहां तक लखनऊ की बल्लेबाजी का सवाल है तो वह अपने विदेशी खिलाड़ियों निकोलस पूरन (377 रन), मिशेल मार्श (344) और एडेन मार्क्रम (326) पर बहुत अधिक निर्भर है। लखनऊ को फिर से इन तीनों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
लखनऊ के गेंदबाजों पर रहेंगी नजरें
लखनऊ के पास गेंदबाजी विभाग में बहुत बड़े नाम नहीं है लेकिन उसके गेंदबाजों ने अभी तक परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी करके अपनी टीम के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उसकी तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 12 विकेट लिए हैं और स्थानीय खिलाड़ी होने के कारण वह यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह अवगत हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है
मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, कर्ण शर्मा। इम्पैक्ट प्लेयर: रोहित शर्मा।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान एवं विकेटकीपर), डेविड मिलर, अब्दुल समद, रवि बिश्नोई, शार्दुल ठाकुर, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, आवेश खान। इम्पैक्ट प्लेयर: आयुष बडोनी।
आइए जानते हैं मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 मैच से जुड़ी सारी जानकारियां...
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला 27 अप्रैल यानी रविवार को खेला जाएगा।
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब शुरू होगा?
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम तीन बजे होगा।
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
मुंबई बनाम लखनऊ के बीच आईपीएल 2025 के मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) एप पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।