पंत के अलावा लेग स्पिनरों राहुल चाहर और वाशिंगटन सुंदर पर भी दबाव होगा। इन दोनों गेंदबाजों को लगातार दूसरी सीरीज में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी पर तरजीह दी गई है। विश्व कप से पहले भारत को 20 से कुछ अधिक मैच खेलने हैं और ऐसे में टीम चाहती है कि उसकी बल्लेबाजी मजबूत हो। इसके लिए आठवें, नौवें और 10वें नंबर के बल्लेबाजों को नियमित तौर पर अधिक रन बनाने होंगे जो कभी भारत का मजबूत पक्ष नहीं रहा। लंबे बल्लेबाजी क्रम का क्या विकेट चटकाने की भारत की क्षमता पर असर पड़ेगा इसका जवाब भी हमें आने वाले समय में ही मिलेगा।
श्रेयस अय्यर और मनीष पांडे्य के लिए भी यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण है जिन्हें मध्यक्रम को मजबूत करने के लिए टीम में शामिल किया गया है। साथ ही शिखर धवन के पास भी बड़ी पारी खेलने का मौका होगा। यह सलामी बल्लेबाज वेस्टइंडीज दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहा था। यहां का मैदान धवन को काफी रास आता है। इसी मैदान पर उन्होंने टेस्ट पदार्पण करते हुए 187 रन की पारी खेली थी जबकि पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच में 143 रन बनाए थे लेकिन टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका के लिए भारत को हराना आसान नहीं होगा जो पिछले कुछ समय से अच्छी लय में है।
बदलाव के दौर से गुजर रही दक्षिण अफ्रीका की टीम धर्मशाला में मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद मैदान पर उतरने के लिए बेताब होगी। कागिसो रबाडा की अगुआई वाले दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी आक्रमण को अगर भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कप्तान कोहली को रोकना है तो शानदार गेंदबाजी करनी होगी। कोहली ने इस मैदान पर पिछले टी-20 में मार्च 2016 में अपने करिअर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक खेली थी और भारत को वर्ल्ड टी-20 के सेमीफाइनल में जगह दिलाई थी। कोहली ने हाल में ट्वीट करके 51 गेंद में 82 रन की इस पारी की अहमियत बताई थी जिसमें उन्होंने धोनी के साथ मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया था।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, क्रुणाल पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, राहुल चाहर, खलील अहमद, दीपक चाहर और नवदीप सैनी।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डि काक (कप्तान), रेसी वान डेर दुसेन, तेंबा बावुमा, जूनियर डाला, ब्योर्न फोर्टिन, ब्युरेन हेंड्रिक्स, रीजा हेंड्रिक्स, डेविड मिलर, एनरिच नोर्तजे, एंडिले फेहलुकवायो, ड्वेन प्रिटोरियस, कैगिसो रबादा, तबरेज शम्सी और जार्ज लिंडे।