न्यूजीलैंड के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान मार्टिन क्रो अब इस दुनिया में नहीं हैं। कैंसर से जूझ रहे इस महान क्रिकेटर ने आज सुबह ऑकलैंड में अंतिम सांस ली। क्रो को न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास में मार्टिन क्रो को सबसे महान बल्लेबाज माना जाता है।
उन्होंने 19 साल की उम्र में 1982 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट करियर का आगाज किया था और जल्द ही वह टीम के मुख्य खिलाड़ी भी बन गए। हालांकि स्विप शॉट लगाने में माहिर मार्टिन क्रो बाद में अपने घुटने के दर्द से काफी परेशान रहे जिसका असर उनके क्रिकेट करियर पर पड़ा और उन्हें 1995 में 33 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने को मजबूर होना पड़ा।
संन्यास लेने के बाद भी वह काफी व्यस्त रहे और क्रिकेट की अन्य गतिविधियों से जुड़े रहे। उन्होंने टीवी कमेंट्रेटर के रूप में काफी काम किया। उन्हें क्रिकेट के तीसरे अंतरराष्ट्रीय फॉरमेट यानी टी-20 शुरू करने के शुरुआती विचार देने वालों में शामिल किया जाता है।
2011 में उन्होंने एक बड़ा फैसला लेते हुए क्रिकेट के मैदान पर फिर से उतरने का फैसला लिया। उस समय उनकी उम्र 48 साल की थी और उन्होंने अपने स्थानीय क्लब कॉर्नवाल के साथ खेलते हुए कुछ तस्वीरें खींचवाई थी। लेकिन जल्द ही उनकी चोट फिर से उन्हें परेशान करने लगी और मैदान से हटने को मजबूर होना पड़ा।