चोट से पूरी तरह उबर चुके बल्लेबाज मनोज तिवारी ने कहा कि उनकी निगाहें अब टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की करने पर है। ईरानी ट्रॉफी के जरिये मैदान पर वापसी करने को तैयार तिवारी ने कहा, ‘मेरी निगाहें अब बेहतरीन क्रिकेट खेल टीम में अपनी जगह पक्की करने पर है। मैं घरेलू क्रिकेट में बढ़िया कर रहा हूं और पूरी तरह फिट हूं। मुझे बहुत गलत समय पर चोट लगी लेकिन उम्मीद है कि मैं बहुत जल्द फिर से लय हासिल कर लूंगा।’
उल्लेखनीय है कि तिवारी पिछले साल दिसंबर में राजकोट में सौराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में बंगाल के लिए बल्लेबाजी करते हुए चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें छह हफ्तों के लिए क्रिकेट से आराम दिया गया था। तिवारी को क्रिसमस से पहले इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दो टी-20 मैचों के लिए भी सम्भावितों में शामिल किया गया था, लेकिन वह चोट की वजह से उपलब्ध नहीं हो सके थे। इसी वजह से उन्हें पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई एकदिवसीय सीरीज के लिए भी टीम में शामिल नहीं किया गया।