भारत की दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु मलेशिया मास्टर्स के महिला सिंगल्स इवेंट के क्वार्टर फाइनल राउंड में पहुंच गई हैं। राउंड ऑफ-16 में सिंधु ने दुनिया की 32वें नंबर की खिलाड़ी चीन की झांग यी मान को 21-12, 21-10 से हराया। यह मुकाबला 28 मिनट तक चला। हालांकि, अब सिंधु को अगले राउंड में कठिन चुनौती का सामना करना पड़ेगा। उनका सामना दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपे की ताइजू यिंग से होगा।
सिंधु का वर्ल्ड नंबर दो ताइजू के खिलाफ 5-16 का रिकॉर्ड है यानी सिंधु ने पांच और ताइजू ने 16 मैच जीते हैं। पिछले हफ्ते मलेशिया ओपन में ताइजू ने क्वार्टर फाइनल में सिंधु को हराया था। सिंधु इस हार का बदला लेने की कोशिश करेंगी। वहीं, मेन्स सिंगल्स में प्रणय ने चीनी ताइपे के वांग जू वेई को 21-19, 21-16 से हरा दिया। अब क्वार्टर फाइनल में प्रणय का सामना जापान की कांता सुनेयामा से होगा।
वहीं, बी साई प्रणीत और पूर्व कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन पी कश्यप टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। प्रणीत को चीन की ली शे फेंग ने 14-21, 17-21 से हरा दिया। यह मैच 42 मिनट तक चला। वहीं, पी कश्यप को छठी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के एंथन सिनिसुका गिनटिंग ने 21-10, 21-15 से हराया।