आईपीएल में इंपैक्ट प्लेयर नियम को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया मिल रही है और उसे आगे जारी रखा जाए या नहीं, इस पर काफी चर्चा हो रही है। अब लखनऊ सुपर जाएंट्स के नवनियुक्त मेंटर और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने भी इसे लेकर अपनी राय रखी है। गौतम गंभीर के बाद लखनऊ के मेंटर बनाए गए जहीर इंपैक्ट प्लेयर नियम को जारी रखने के पक्षधर हैं और उनका मानना है कि इससे भारतीय क्रिकेट में काफी सुधार होगा।
कोहली-रोहित की अलग थी राय
जहीर ने बुधवार को लखनऊ की टीम में मेंटर की भूमिका संभाली। यह पद 2023 के अंत में भारत के मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर के जाने से खाली पड़ा था। विराट कोहली ने पिछले सत्र में कहा था कि इससे खेल का संतुलन बिगड़ा है, जबकि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने स्वीकार किया था कि वह इस नियम के बड़े प्रशंसक नहीं हैं। जुलाई में आईपीएल के टीम मालिक और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अधिकारियों के बीच बैठक के दौरान इंपैक्ट प्लेयर को लेकर टीम एकमत नहीं थी। आईपीएल 2023 में इंपैक्ट प्लेयर का नियम लागू किया गया था।
'इंपैक्ट प्लेयर नियम से युवाओं को मौके मिलेंगे'
जहीर का मानना है कि इंपैक्ट प्लेयर नियम से भारत के युवा खिलाड़ियों को काफी मौके मिलेंगे। जहीर ने कहा, इंपैक्ट प्लेयर नियम को लेकर काफी चर्चा हुई है। मेरा मानना है कि इस नियम को बरकरार रखा जाना चाहिए। इससे निश्चित तौर पर भारत के युवा खिलाड़ियों को मौके मिलेंगे। आपको मेगा नीलामी में इसका असर देखने को मिलेगा जब फ्रेंचाइजी टीमों की निगाहें इस तरह के खिलाड़ियों पर होगी। युवा खिलाड़ियों को इस तरह के मौके मिलने से भविष्य में भारतीय क्रिकेट में काफी सुधार होगा। मैच अभ्यास का कोई सानी नहीं होता है और यह इस नियम का सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू है।