अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही गुजरात टाइटंस का सामना अब शनिवार को ऋषभ पंत की अगुआई वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। दोनों ही टीमों ने अपने पिछले मुकाबले जीते हैं और वे अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगी। गुजरात की टीम लगातार चार मैच जीतकर तालिका में फिलहाल शीर्ष पर है। गुजरात और लखनऊ के बीच मैच के दौरान शानदार फॉर्म में चल रहे निकोलस पूरन और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बीच मुकाबले देखने मिलेगा।
लखनऊ की बल्लेबाजी मजबूत
लखनऊ की टीम ने बल्लेबाजी में अपना दिखाया है और उसके लिए गेंदबाजी चिंता का विषय है। लखनऊ के लिए दिग्वेश राठी, शार्दुल ठाकुर और आवेश खान ने मोर्चा संभाला है, जबकि रवि बिश्नोई भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। इस बात की संभावना कम है कि लखनऊ की टीम गुजरात के खिलाफ प्लेइंग-11 में किसी तरह का बदलाव करेगी। बल्लेबाजी में निकोलस पूरन, मिचेल मार्श और एडेन मार्करम अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। पूरन फिलहाल ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: KL Rahul: दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक्स फैक्टर साबित हो रहे हैं केएल राहुल, तीन मैचों में लगाए हैं दो अर्धशतक
सुंदर को फिर मिलेगा मौका?
गुजरात की बात करें तो टीम पांच मैचों में चार जीत के साथ आठ अंक लेकर शीर्ष पर है। प्लेइंग-11 में तीन विदेशी खिलाड़ी को रखने के बावजूद गुजरात ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। गुजरात ने पिछले मैच में वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया था और उन्होंने 49 रन बनाए थे। अब देखना दिलचस्प होगा कि गुजरात की टीम उन्हें आगे भी प्लेइंग-11 में बरकरार रखती है या नहीं।
पूरन पड़ेंगे भारी या सिराज का चलेगा सिक्का?
लखनऊ की टीम में पूरन ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक 288 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 225 है जो किसी भी विरोधी टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है। वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज ने अभी तक 25 चौके और 24 छक्के लगाए हैं, लेकिन गुजरात के खिलाफ मैच में उन्हें सिराज की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। इस तेज गेंदबाज ने पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन किया है और उनके नाम पर पांच मैच में 10 विकेट दर्ज हैं। उनका इकोनॉमी रेट भी 7.70 है।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: KKR के बाद अब RCB ने घरेलू पिच पर उठाए सवाल, कार्तिक बोले- हमें हमारी मांग के अनुकूल विकेट नहीं मिला
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
लखनऊ सुपर जाएंट्सः मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बडोनी, डेविड मिलर, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई, आकाश दीप, आवेश शान, दिग्वेश राठी।
गुजरात टाइटंसः साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफाने रदरफोर्ड, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
आइए जानते हैं लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 मैच से जुड़ी सारी जानकारियां...
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला 12 अप्रैल यानी शनिवार को खेला जाएगा।
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला लखनऊ के अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब शुरू होगा?
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर तीन बजे होगा।
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
लखनऊ और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 के मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) एप पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।