कोलकाता में आईपीएल-8 के पांचवें मुकाबले में कोलकाता के कप्तान गौतम गंभीर और आंद्रे रसैल के बदौलत कोलकाता ने बंगलौर को 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 178 रनों का लक्ष्य दिया। जिसके जवाब में बंगलौर ने क्रिस गेल के 96 रनों की बदौलत 7 विकेट खोकर 6 गेंद रहते लक्ष्य को पा लिया। बंगलौर ने 19 ओवर में 179 रन बनाए।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें
कोलकाता के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत धीमी रही। दोनों ओपनर विराट कोहली और क्रिस गेल ने तेज शुरुआत करने की कोशिश की। लेकिन कोहली मात्र 13 रन के स्कोर पर विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। कोहली के सस्ते में आउट होने के बाद ओपनर गेल ने अपने बल्ले से आग उगलना शुरू किया।
6वें ओवर में युसूफ पठान ने आरसीबी को दो झटके देकर कोलकाता को दूसरी और तीसरी सफलता दिलाई। युसूफ ने पहले तीसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक (6) और अंतिम गेंद पर मनदीप सिंह (6) दोनो को बोल्ड किया। चौथे विकेट के रुप में एबी डीविलियर्स मैदान पर पहुंचे। एबी ने मात्र 13 गेंदों में 2 छक्के और 3 चौकों की मदद से 28 रन कूटे। उनकी रनों की गति पर ब्रेक केसी करिअप्पा ने लगाई। करिअप्पा की एक गेंद पर आगे बढकर हिट लगाने के चक्कर में एबी स्टंप आउट हो गए।
आरसीबी को पांचवां झटका डैरेन सैमी (5) के रुप में लगा। वह विकेट के पीछे स्टंप आउट हुए। इससे पहले गेल ने 4 चौकों और 3 छक्कों के बूते अपने पचास रन पूरे किए। फिफ्टी पूरी करने के बाद गेल ने तूफानी खेल शुरू किया। मानो मैच जल्दी खत्म करने की जल्दी हो। इस बीच आरसीबी ने सीन एबॉट (1) के रुप में अपना छठा विकेट गंवाया। हालांकि गेल ने अपनी आतिशी पारी खेलना जारी रखा। वह 19वें ओवर में 96 रन पर रन आउट हुए। अपनी तूफानी पारी में गेल ने 7 छक्के और 7 चौके लगाए।