आईपीएल-8 के चौथे मुकाबले में ओपनर ब्रैंडन मैकुलम के शानदार शतक और गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज कराने में सफल रहा।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद टीम को सधी शुरुआत मिली लेकिन इसके बाद टीम लड़खड़ाती चली गई और मैच में वह कभी संभल ही नहीं सकी, जिससे टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 164 रन ही बना पाई और उसे 45 रनों से हार का सामना करना पड़ा। उसकी ओर से कप्तान और ओपनर डेविड वॉर्नर ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए।
इससे पहले चेन्न्ई ने निर्धारित ओवर में 4 विकेट पर 209 रन बनाए। उसकी ओर से ओपनर ब्रैंडन मैकुलम (नाबाद 100) ने शतकीय पारी खेलते हुए सर्वाधिक 100 रन बनाए, जबकि कप्तान धोनी (53 रन, 29 गेंद, 4 चौका और 4 छक्का) ने अंतिम ओवरों में तेजी से खेलते हुए रन बनाए। इस जोड़ी ने तेजी से रन बनाते हुए 5.5 ओवर में 63 रन बनाने में कामयाब रही। धोनी अंतिम ओवर में कैच आउट हुए।
न्यूजीलैंड के आतिशी बल्लेबाज मैकुलम ने विस्फोटक पारी खेलते हुए अंतिम गेंद पर इस सत्र का शतक लगाया और 56 गेंदों में 7 चौके और 9 छक्के लगाए। उनका आईपीएल इतिहास में यह दूसरा शतक है।
हैदराबाद की ओर से एकमात्र सफलता तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को हासिल हुई जबकि चेन्नई के अन्य 3 विकेट रन आउट के रूप में गिरे। वहीं चेन्नई की ओर से मोहित शर्मा और ड्वेन ब्रॉवो को 2-2 सफलता मिली।
दो बार की चैंपियन चेन्नई की टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला दिल्ली डेयरडेविल्स से एक रोमांचक संघर्ष के बाद जीत चुकी है।