आईपीएल-8 के 11वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर सनराइज हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर करने का मौका नहीं दिया। हैदराबाद 20 ओवर में 5 विकेट पर सिर्फ 127 रन ही बना सकी। जिसके जवाब में राजस्थान ने अजिंक्य रहाणे की फिफ्टी की बदौलत 4 विकेट खोकर आखिरी गेंद पर लक्ष्य पार किया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें
हैदराबाद के 128 के राजस्थान ने सधी हुई शुरुआत की। टीम के दोनों ओपनर अजिंक्य रहाणे और संजू सैमसन ने धीमी गति से खेलना शुरू किया। 6वें ओवर में रहाणे को भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर जीवनदान मिला। दरअसल, ट्रैंट बोल्ट उनका कैच पकड़ने में नाकाम रहे। फलस्वरुप गेंद बाउंड्री पार कर गई।
राजस्थान को पहला पहला झटका सैमसन के रुप में लगा। वह 26 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन के आउट होने के बाद रहाणे का साथ निभाने कप्तान स्टीवन स्मिथ पहुंचे। हैदराबाद ने राजस्थान को दूसरा झटका कप्तान स्टीवन स्मिथ (13) के विकेट के रुप में दिया।
15वें ओवर में राजस्थान ने करुण नायर (1) के रुप में अपना तीसरा विकेट खोया। 16वें ओवर में रहाणे की फिफ्टी के साथ टीम के 100 रन भी पूरे हुए। लक्ष्य पार करने से कुछ पहले रहाणे (62) रन बनाकर ट्रैंट बोल्ट की गेंद पर बोल्ड हुए। टीम की ओर से आखिर तक जेम्स फॉकनर (6) और स्टुअर्ट बिन्नी (15) नाबाद रहे।
आईपीएल-8 की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर विराजमान राजस्थान रॉयल्स चौथी जीत के बाद सफलता के शिखर पर है। वहीं, हैदराबाद अब तक तीन मैचों में से सिर्फ एक मैच ही जीत सकी है।