श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले खेले जा रहे अभ्यास मैच में अजिंक्य रहाणे की शानदार शतकीय पारी के बाद श्रीलंका बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ इशांत शर्मा ने कहर ही ढा दिया।
कोलंबो में तीन दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 112 रन बना लिए हैं और उसकी कुल 342 रनों की बढ़त हो गई है। क्रीज पर चेतेश्वर पुजारा (31) और लोकेश राहुल (47) खेल रहे हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
इससे पहले कप्तान विराट कोहली (18) के साथ पारी की शुरुआत करने आए रोहित शर्मा (8) और फिर रिदिमान साहा (1) भी सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद कोहली भी चलते बने। कोहली दोनों ही पारियों में नाकाम रहे।
दूसरे दिन भारत की पहली पारी खेल के पहले ही घंटे में सिमट गई। इसके बाद तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने जबर्दस्त गेंदबाजी करते हुए महज 21 गेंदों (3.3 ओवर) के अंदर 5 विकेट झटक लिए। इशांत के झटकों के कारण श्रीलंकाई टीम ने टी-ब्रेक से पहले 121 रन बनाकर आउट हो गई। इशांत के 5 विकेट के अलावा वरुण आरोन और आर अशि्वन ने दो-दो विकेट निकाले।
उसके शुरुआती 5 विकेट 10 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे। सभी पांचों सफलताएं इशांत की झोली में ही आई। फिर लंच के बाद तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने भी दो सफलता हासिल की। श्रीलंका के 7 विकेट 51 रन पर गिर चुके थे।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने अपने पहले ही ओवर में श्रीलंकाई टीम के दो विकेट झटककर एशेज में स्टुअर्ट ब्रॉड के कारनामे को दोहराने की कोशिश की। उन्होंने अपने पहले ही ओवर की पहली ही गेंद पर कौशल सिल्वा (0) को पगबाधा कर दिया। फिर इसी ओवर की आखिरी गेंद पर धनंजय डी सिल्वा (0) को बोल्ड कर श्रीलंकाई टीम को संकट में डाल दिया। वह यहीं नहीं रुके। अपने दूसरे और मैच के चौथे ओवर में उन्होंने उपल थरंगा को भी बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखाई।
इससे पहले अभ्यास मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए थे और दूसरे दिन उसकी पारी 37 रन और जोड़कर 351 रन पर सिमट गई।