जम्मू के उधमपुर में बीएसएफ जवानों की बस को निशाना बनाकर हमला करने वाले आतंकवादी नावेद के बारे में एक और खुलासा हुआ है। दो जवानों की जान लेने वाले आतंकी नवेद की ट्रेनिंग भी उसी कैंप में हुई है जहां 26/11 मुंबई हमले को अंजाम देने वाले आतंकी अजमल कसाब की ट्रेनिंग हुई थी। इस आतंकी को पकड़ने के बाद एनएईए के हवाले कर दिया गया था।
इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के मुताबिक मोहम्मद नावेद से पुछताछ करने वाले जांच अधिकारियों का कहना है नावेद ने कबूल किया है कि भारत आने से पहले उसकी जिहाद और लड़ाई की ट्रेनिंग पाकिस्तान के मनसेरा में स्थित लश्कर के एक कैंप में हुई। ट्रेनिंग के बाद उसे सीमा पार कराकर भारत भेज दिया गया। यह वही कैंप है जहां 2008 में मुंबई पर हमला करने वाले अजमल कसाब की ट्रेनिंग हुई थी।
नवेद के मुताबिक उसकी ट्रेनिंग के बाद उसे तंगमार्ग के बाबा रईसी इलाके के रास्ते सीमा पार कराया गया जिसके बाद वह दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और त्राल में लश्कर के ठिकानों पर छिपकर अगले निर्देशों का इंतजार करने लगा।