हैमिल्टन में उम्मीद के मुताबिक टीम इंडिया ने आयरलैंड को उलटफेर करने का कोई मौका नहीं दिया और 79 गेंद शेष रहते 8 विकेट से उसे हरा दिया। यह जीत भारत और धोनी के लिए दोनों के लिए बेहद खास रही क्योंकि भारत की वर्ल्ड कप में यह लगातार नौंवी और आईसीसी के वनडे टूर्नामेंट्स में लगातार 14वीं जीत है।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
आयरलैंड से मिले 260 रनों के लक्ष्य के जवाब में भारत ने शिखर धवन (100) के शतक और रोहित शर्मा (64) की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी के दम पर 36.5 ओवर में ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मैच खत्म होने के समय विराट कोहली (44) और अजिंक्य रहाणे (33) अविजित 70 रनों की साझेदारी कर चुके थे।
इससे पहले दो अर्धशतकीय पारियों के बावजूद आयरलैंड की पूरी टीम 49 ओवर में 259 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान विलियम पोटरफील्ड (67) के अलावा निएल ओ ब्रायन (नाबाद 64) ने अर्धशतकीय पारियां खेली।
भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 3 और आर अश्विन ने 2 विकेट झटके, जबकि मोहित शर्मा, उमेश यादव, रवींद्र जडेजा और सुरेश रैना को एक-एक सफलता मिली। पार्ट टाइम गेंदबाज रैना ने आज पूरे 10 ओवर डाले और सिर्फ 40 रन देकर एक सफलता हासिल की।
सौरव गांगुली की अगुवाई में भारत ने दक्षिण अफ्रीका में 2003 में हुए वर्ल्ड कप में लगातार आठ मैच जीतने का अपना रिकॉर्ड बनाया जिसे धोनी की टीम ने लगातार 9 मैच जीतकर तोड़ दिया। हालांकि गांगुली ने एक ही वर्ल्ड कप में यह उपलब्धि हासिल की थी जबकि धोनी ने 2011 के बाद 2015 में यह रिकॉर्ड बनाया।
वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया में खेले अपने सभी चारों मैचों में जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड में भी जीत का स्वाद चखते हुए इस टूर्नामेंट में लगातार जीत के नंबर को 5 तक पहुंचा दिया। वैसे ओवरऑल जीत के लिहाज से देखा जाए तो भारत की आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार 14वीं हो गई है।