फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्रिसबेन टेस्ट में भारत 4 विकेट से हारा

Sat, 20 Dec 2014 02:35 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
ब्रिसबेन टेस्ट के चौथे दिन भारत को अपने बल्लेबाजों से बड़ी उम्मीदें थीं लेकिन जितनी बड़ी उम्मीदें थीं उतनी ही तेजी से उन्होंने टीम को निराश किया। शुरुआत में शीर्ष और मध्य क्रम के लड़खड़ाने से मैच भारत के हाथ से जाता दिखा लेकिन छोटे से लक्ष्य देने के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने अंत में जल्दी-जल्दी 6 विकेट झटककर जीत की आस बंधा ही दी थी। हालांकि ऑस्ट्रेलिया यह मैच 4 विकेट से कामयाब रहा।
विज्ञापन


लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।

दूसरे टेस्ट के चौथे दिन के अंतिम सत्र में ऑस्ट्रेलिया 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान उस समय संघर्ष करता दिखा जब उसने 122 रन पर 6 विकेट गंवा दिए, लेकिन परिणाम मेजबान टीम के पक्ष में गया। इस जीत के साथ ही मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारत एडिलेड में खेला गया पहला टेस्ट मैच 48 रन से हार गया था। ओपनर क्रिस रोजर्स ने 55 रन बनाए।

दूसरी पारी में भारत की ओर से इशांत शर्मा ने 3 और उमेश यादव ने 2 विकेट झटके। स्टीवन स्मिथ के लिए यह मैच बेहद शानदार रहा। उन्होंने बतौर कप्तान अपने पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी।
विज्ञापन


इससे पहले भारत की दूसरी पारी 224 रन पर आउट हो गई। अपने टेस्ट करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाले उमेश यादव (30) के रूप में भारत का अंतिम विकेट गिरा। पहली पारी में 97 रनों से पिछड़ने के बाद भारत ऑस्ट्रेलिया पर 127 रनों की ही बढ़त हासिल कर सका। भारत की ओर से शिखर धवन ने सर्वाधिक 61 रन बनाए थे।

एक समय भारत ने अपने 7 विकेट 143 रन पर गंवा दिए थे लेकिन आठवें विकेट के लिए शिखर धवन और उमेश ने 60 रनों की साझेदारी का भारत की कुछ लाज बचाई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल जॉनसन ने 4 जबकि जोश हैजलवुड और मिचेल स्टॉर्क को 2-2 सफलता मिली।
Trending Videos

चोटिल धवन की जगह कोहली आए पुजारा के साथ

भारत ने चौथे दिन के खेल की शुरुआत अपने कल के स्कोर एक विकेट पर 71 रन से आगे शुरू किया तो सभी को उम्मीद थी ‌कि बल्‍लेबाज आराम से इस पिच पर खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को बड़ा लक्ष्य देने में कामयाब रहेंगे। लेकिन भारत को पारी शुरू करने से पहले ही बड़ा झटका लग गया जब नेट अभ्यास के दौरान शिखर धवन को चोट लग गई।

धवन के चोटिल हो जाने की वजह से चेतेश्वर पुजारा के साथ पारी को आगे बढ़ाने विराट कोहली क्रीज पर आए, लेकिन दिन के तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर विराट कोहली (1) मिचेल जॉनसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। उनके जाने के बाद अजिंक्य रहाणे (10) क्रीज पर आए और जल्द ही इसी ओवर में 6 रन बना लिए।

लेकिन जॉनसन के अगले ओवर में वह नाथन ल्योन को कैच थमा बैठे। इसके एक गेंद के बाद नए बल्लेबाज रोहित शर्मा (0) जॉनसन के एक बाउंस को नहीं समझ सके और विकेटकीपर ब्रैड हैडिन को कैच थमा दिया। 71 पर भारत का 1 विकेट गिरा था अब स्कोर हो गया 86 रन पर 4 विकेट। अगले ओवर में नवोदित गेंदबाज जोश हैजलवुड ने कप्‍तान धोनी को भी खाता खोले बगैर वापस पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद पुजारा का साथ देने आर अश्विन क्रीज पर आए और कुछ देर क्रीज पर रहकर विकेटों के पतन को कुछ देर के लिए रोक दिया। छठे विकेट के लिए दोनों ने 30 रन जोड़े, लेकिन अश्विन 19 रन बनाकर मिचेल स्टॉर्क की गेंद पर आउट हो गए।

बल्‍लेबाजों की नाकामी के बाद उमेश ने खेली सर्वश्रेष्ठ पारी

अश्विन जब आउट हुए तब भारत का स्कोर 6 विकेट पर 117 रन था। अश्विन के जाने के बाद शिखर धवन फिर क्रीज पर वापस लौटे और पुजारा के साथ पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन इस जोड़ी ने अभी 26 ही अपनी साझेदारी में और जोड़े थे कि पुजारा जोश हैजलवुड की एक बाउंस लेती गेंद को भांप नहीं सके और बल्‍ले का बाहरी किनारा लेते हुए प्वाइंट पर खड़े नाथन ल्योन को कैच थमा बैठे। वह 43 रन बनाकर आउट हुए।

उनके जाने से टीम इंडिया की मैच में वापसी की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई। हालांकि धवन ने नए बल्‍लेबाज उमेश यादव के साथ आठवें विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी कर टीम की लाज कुछ हद तक बचाने की कोशिश की। इस बीच धवन ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। करियर की अपनी बेस्ट पारी खेल रहे उमेश का साथ पाकर धवन ने अपने शतक की ओर कदम बढ़ाना शुरू किया लेकिन ल्योन की गेंद पर स्विप शॉट खेलने के प्रयास में वह एलबीडब्‍ल्यू हो गए। उन्होंने 8 चौके की मदद से 81 रन बनाए।

दोनों के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी ने टीम का स्कोर दो सौ के पार पहुंचा दिया। धवन के आउट होने पर उमेश ने तेजी से रन बनाने शुरू किए और 2 छक्के जड़ दिए। हालांकि वरुण आरोन (3) सस्ते में आउट हो गए। अंतिम बल्‍लेबाज इशांत शर्मा के क्रीज पर आने के बाद उमेश ने और रन बनाने की कोशिश करने लगे लेकिन जॉनसन ने उन्हें 30 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट करा दिया। भारत की दूसरी पारी 64.3 ओवर में 224 रन बनाकर आउट हो गई।
विज्ञापन

इशांत के झटकों के बाद कंगारुओं ने हासिल किया लक्ष्य

ऑस्ट्रेलिया ने भारत से मिले 128 रनों के लक्ष्य के जवाब में सधी शुरुआत की और 4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए। लेकिन पांचवें ओवर की पहली गेंद पर तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने  डेविड वॉर्नर (6) को विकेटकीपर धोनी के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। आतिशी बल्‍लेबाज वॉर्नर दोनों ही पारियों में नाकाम रहे थे।

इसके बाद इशांत ने अपने अगले ही ओवर में शेन वॉटसन को खाता खोले बगैर ही पवेलियन की राह दिखा दी। टी-ब्रेक से पहले 22 रन पर ऑस्ट्रेलिया के 2 विकेट झटक लेने से अंतिम सत्र में रोमांच आ गया और लगा कि मैच रोमांचक होगा।

लेकिन खेल के तीसरे सत्र में ओपनर क्रिस रोजर्स के साथ कप्तान स्टीवन स्मि‌थ बल्‍लेबाजी करने उतरे। दोनों ने छोटे से लक्ष्य का पीछा तेजी से रन बनाते हुए किया। इस बीच स्मि‌थ को सस्‍ते में आउट करने का मौका भारत ने गंवा दिया। एक बाउंसर से बचने के प्रयास में स्मि‌थ के बल्‍ले से गेंद टकराकर स्लिप में विराट कोहली के पास गई ‌लेकिन उन्होंने आसान कैच को टपका दिया।

इस जीवनदान के बाद रोजर्स ने मैच में अपनी दूसरी फिफ्टी भी लगाई। रोजर्स को भी इशांत शर्मा ने स्लिप में कैच आउट कराया। रोजर्स ने दोनों ही पारियों में 55-55 रन बनाए। रोजर्स के जाने के बाद भारत ने जल्दी-जल्दी 3 और विकेट झटक लिए।

इशांत के 3 विकेट के ‌बाद उमेश यादव ने भी 2 विकेट झटककर मेजबान टीम की जीत की राह मुश्किल कर दी। उन्होंने शॉन मार्श (17) और ब्रैड हैडिन (1) को आउट कर भारत को पारी की चौथी और पांचवीं सफलता दिलाई। मैन ऑफ द मैच बने कप्तान स्मि‌‌थ 28 रन बनाकर रन आउट हो गए। हालांकि भारत के ढीले क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्‍लेबाजों ने तेजी से रन बनाते हुए लक्ष्य को 4 ‌विकेट रहते हासिल कर लिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें