आईपीएल-8 के 37वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को जीत के लिए 149 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य मिला लेकिन चेन्न्ई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी कर 24 रन से जीत हासिल करते हुए अपनी टीम को सातवीं जीत दिला दी।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
चेन्नई में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) को 149 रनों का लक्ष्य हासिल करने में खासा संघर्ष करना पड़ा लेकिन टीम 19.4 ओवर में 124 रन बनाकर आउट हो गई और लक्ष्य से 24 रन दूर रह गई। पराजित टीम की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 48 रनों की पारी खेली लेकिन उनके अलावा अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। मेजबान टीम की ओर से सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 52 रनों की पारी खेली। रैना की आईपीएल में यह 26वीं फिफ्टी पारी है। उनके अलावा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 29 रनों का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क ने मैच में 3 जबकि हर्षल पटेल और डेविड वेस ने 2-2 विकेट झटके। इसके अलावा यजुवेंद्र चहल को एक सफलता मिली। 20वें ओवर में चेन्नई के 3 विकेट गिरे। वहीं मेजबान चेन्नई की जीत में उसके गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। आशीष नेहरा ने 19 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि ईश्वर पांडे को 2 सफलता मिली।
इस जीत के साथ ही चेन्नई ने 10 मैचों में से अपनी सातवीं जीत दर्ज कराई और 14 अंक लेकर अंकतालिका में फिर से पहले पायदान पर आ गई है। जबकि आरसीबी की 9 मैचों में यह चौथी पराजय है लेकिन वह तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
खराब शुरुआत के बाद रैना ने चेन्नई को संभाला
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद चेन्न्ई की पारी की शुरुआत करने ड्वेन स्मिथ और ब्रैंडन मैकुलम क्रीज पर आए लेकिन पहले ही ओवर में उसे तगड़ा झटका लग गया जब कैरेबियाई बल्लेबाज खाता खोले बगैर ही मिचेल स्टॉर्क की गेंद पर बोल्ड हो गया। वह अपना और टीम का खाता भी नहीं खोल पाए थे।
शुरुआती झटके के बाद मैकुलम का साथ देने सुरेश रैना क्रीज पर आए और दोनों ने टीम को आगे बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन छठे ओवर में यह जोड़ी भी टूट गई। डेविड वेस ने मैकुलम को विस्फोटक पारी शुरू करने से पहले ही कैच आउट करा दिया। उन्होंने आउट होने से पहले 15 गेंदों में 20 रन बनाए।
इसके बाद रैना ने नए बल्लेबाज फैफ डु प्लेसिस (24) के साथ टीम की पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन की अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को एक लय देने की कोशिश जरूर की लेकिन बल्लेबाज 13 ओवर तक स्कोर को 89 रन तक पहुंचा पाए।
इस बीच रैना ने 14वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल क्रिकेट में यह उनकी 26वीं फिफ्टी है। रैना का अर्धशतक लगने के बाद 15वें ओवर में प्लेसिस 24 रन बनाकर हर्शल पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। पटेल ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर रैना को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने 46 गेंदों में 52 रन (5 चौका और एक छक्का) बनाए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 29 रनों का योगदान दिया।
CSK की तरह RCB की भी हुई खराब शुरुआत
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) की भी शुरुआत चेन्न्ई की तरह अच्छी नहीं रही और 34 रन तक 3 विकेट गंवा दिए। क्रिस गेल की जगह टीम में रखे गए निक मैडिंसन कप्तान विराट कोहली के साथ पारी की शुरुआत करने आए।
दोनों ने बेहद सधी शुरुआत करते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया लेकिन तीसरे ओवर की पहली गेंद पर तेज गेंदबाज ईश्वर पांडे ने मैडिंसन को 4 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इस शुरुआती झटके के बाद टीम प्रबंधन ने एबी डीविलियर्स को ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजा लेकिन वह पांचवें ओवर में 14 गेंदों में 5 चौके की मदद से 21 रन बना सके और पांडे के दूसरे शिकार बन गए।
बंगलोर की टीम अभी दोहरे झटके से उबर ही रही थी कि छठे ओवर में एक और झटका लग गया जब मंदीप सिंह खाता खोले बगैर ही रन आउट हो गए।
हालांकि टीम के लिए राहत की बात यह रही कि उसके कप्तान और ओपनर विराट कोहली क्रीज पर बने रहे और टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने के अभियान में जुटे रहे। कोहली ने दिनेश कार्तिक के साथ उपयोगी साझेदारी कर टीम को 11 ओवर में 73 रन तक पहुंचा दिया।