टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन ने भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता के लिए बीसीसीआई के ई-मेल पर जो आवेदन भेजा था, वो बीसीसीआई के इनबॉक्स से डिलीट हो गया। इस मामले में आवेदनकर्ता शिवरामाकृष्णन का कहना है कि उन्होंने तय तारीख से दो दिन पहले ही यह ई-मेल भेज दिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने तय तारीख से 48 घंटे पहले अपना सीवी बीसीसीआई को ई-मेल के जरिए भेजा था, जो इनबॉक्स से डिलीट हो गया। शिवरामाकृष्णन ने यह ई-मेल 22 जनवरी को दोपहर 4.16 बजे भेजा था। आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 जनवरी थी।
बता दें कि बीसीसीआई ने चयनकर्ता पद के दावेदारों के लिए अलग से नया ई-मेल आईडी बनाया था। इसी पर सारे 21 आवेदन आए। इसका मतलब ये हुआ कि सारे आवेदन इसी मेल आईडी पर आए होंगे। मगर लक्ष्मण शिवरामाकृष्ण का ई-मेल बीसीसीाई के इनबॉक्स से कैसे गायब हो गया, यह बड़ा सवाल बन गया है।
हालांकि, इस मामले में बीसीसीआई की टेक्निकल टीम जांच कर रही है। गौरतलब है कि चयन समिति में दो खाली पदों के लिए बोर्ड ने 18 जनवरी को आवेदन मंगाए थे। लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन के अलावा पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अजित अगरकर, चेतन शर्मा, नयन मोंगिया ने भी आवेदन किया है। शिवरामाकृष्णन ने भारत के लिए 9 टेस्ट और 16 वनडे खेले हैं।