दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर और अफगानिस्तान के मौजूदा हेड कोच लांस क्लूजनर ने अपने पद से हटने का फैसला लिया है। वह अफगानिस्तान के कोच पद पर बने रहना नहीं चाहते और छोड़ने का मन बना रहे हैं।
इसके लिए क्लूजनर ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड से भी उनका कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं करने की अपील की है। उनका कॉन्ट्रैक्ट 31 दिसंबस को समाप्त हो रहा है। उन्हें अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सितंबर 2019 में कोच के तौर पर नियुक्त किया था।
सिमंस को हटाकर कोच बने थे क्लूजनर
क्लूजनर ने फिल सिमंस की जगह ली थी। सिमंस 2019 वनडे विश्व कप तक अफगानिस्तान के कोच रहे थे। क्लूजनर ने कहा कि इस टीम के साथ दो साल बिताने के बाद मैं कुछ यादगार लम्हों के साथ विदा होना चाहता हूं। उन्होंने यह बात प्रेस स्टेटमेंट में कही।
क्लूजनर ने पद छोड़ने को लेकर क्या कहा
क्लूजनर ने कहा- अगर में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को छोड़ता हूं, तो अब मैं अपने कोचिंग करियर को आगे बढ़ाने की कोशिश करूंगा। आगे आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए मैं तैयार हूं।
क्लूजनर के कार्यकाल में शानदार प्रदर्शन
क्लूजनर के कार्यकाल में अफगानिस्तान का व्हाइट बॉल फॉर्मेट में प्रदर्शन शानदार रहा है। इस दौरान उन्होंने एक टेस्ट, छह में से तीन वनडे और 14 में से 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीते हैं। इसमें वेस्टइंडीज और आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में जीत भी शामिल है।
टी-20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन
हालांकि, टी-20 विश्व कप में अच्छी शुरुआत के बाद वह उसे बनाए रखने में नाकाम रहे। सुपर-12 राउंड में टीम पांच में से सिर्फ दो मैच जीतकर नॉकआउट में पहुंचने की रेस से बाहर हो गई। इसमें भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार शामिल है।
क्लूजनर का दक्षिण अफ्रीका के लिए शानदार प्रदर्शन
क्लूजनर ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 1996 से 2004 के बीच 49 टेस्ट और 171 वनडे खेले हैं। टेस्ट में उनके नाम 1906 रन और वनडे में 3576 रन हैं। इसके अलावा टेस्ट में क्लूजनर ने 80 विकेट और वनडे में 192 विकेट भी झटके थे।