मॉर्गन एक सीजन में सबसे कम औसत से रन बनाने वाले कप्तान हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम यूएई में लगातार दो मैच जीतने के बाद फिर से अपनी लय खोती नजर आ रही है। पिछले तीन मैचों में से दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है, जबकि दिल्ली के खिलाफ मॉर्गन की टीम ने करीबी अंतर से जीत हासिल की थी। भारत में हुए पहले फेज में भी कोलकाता को लगातार हार का सामना करना पड़ा था। कोलकाता अभी भी प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अब बाकी सभी मैच जीतने पड़ेंगे। टीम के कप्तान इयोन मॉर्गन का खराब प्रदर्शन कोलकाता की इस हालत की सबसे बड़ी वजह है। मॉर्गन इस सीजन में सबसे खराब औसत से बल्लेबाजी करने वाले कप्तान बन चुके हैं।
आईपीएल के इस सीजन में मॉर्गन ने 11 मैचों में बल्लेबाजी की है और 100.92 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 109 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत महज 10.90 का रहा है। कम से कम 10 पारियों के आधार पर आईपीएल के एक सीजन में यह किसी भी कप्तान का सबसे खराब औसत है।
मॉर्गन का औसत हरभजन से भी ज्यादा खराब
आईपीएल के एक सीजन में सबसे खराब औसत के मामले में मॉर्गन हरभजन सिंह से भी पीछे हैं। मुंबई के कप्तान रहते हुए हरभजन ने साल 2012 में 12 के औसत से रन बनाए थे। उन्होंने 11 पारियों में 108 रन जोड़े थे। हरभजन के अलावा इस लिस्ट में शेन वॉर्न का नाम शामिल है, जिन्होंने 2008 में 11 पारियों में 13.50 के औसत से 108 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 93.10 का था, लेकिन हरभजन और वार्न बल्लेबाज नहीं गेंदबाज हैं और विकेट लेने के मामले में वो कई गेंदबाजों से बहुत आगे थे। वहीं मार्गन सिर्फ बल्लेबाजी करते हैं और उनका औसत भज्जी और वार्न से भी बेकार है।
क्या दादा की राह पर हैं मार्गन
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी इस लिस्ट में शामिल हैं। उन्होंने 2012 में सहारा पुणे वॉरियर्स की कप्तानी करते हुए 15 पारियों में सिर्फ सिर्फ 268 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 17.86 और स्ट्राइक रेट 98.89 का था। हालांकि गांगुली भी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी करते थे। साथ ही इस सीजन के बाद गांगुली ने कोई आईपीएल मैच नहीं खेला। इस प्रदर्शन के बाद न सिर्फ उनकी कप्तानी गई, बल्कि आईपीएल करियर भी खत्म हो गया। अगर मॉर्गन बचे हुए मैचों में अच्छी पारी नहीं खेलते हैं तो उनका भी यही हाल हो सकता है।