रोहित शर्मा भले ही बल्लेबाजी में कोई कमाल न दिखा पा रहे हों और वह टीम में जगह बरकरार रखने को संघर्ष करते दिख रहे हो लेकिन उनके प्रशंसकों की कमी नहीं है।
उनके प्रशंसकों की लिस्ट में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर तो पहले से हैं ही और अब उस लिस्ट में विराट कोहली का भी नाम शुमार हो गया है। कोहली ने उन्हें भविष्य के कप्तान के रूप में आंका है।
कोहली को महेंद्र सिंह धोनी के बाद टीम इंडिया का अगला कप्तान माना जा रहा है, लेकिन खुद कोहली मानते हैं कि रोहित शर्मा में वनडे टीम की कप्तानी करने की काबिलियत है।
अपनी कप्तानी में जिंबाब्वे दौरे में टीम इंडिया को 5-0 से जीत दिलाने के बाद कोहली को भविष्य में टीम इंडिया का नया कप्तान कहा जा रहा है। धोनी की अनुपस्थिति में कुछ मैचों में कोहली के अलावा सुरेश रैना ने भी टीम इंडिया की अगुवाई की है। हालांकि रैना प्रभाव छोड़ने में असफल रहे हैं।
सौ से ज्यादा मैच खेलने के बावजूद वनडे टीम में अभी भी जगह बनाने की जद्दोजहद कर रहे रोहित ने इस साल अपनी अगुवाई में मुंबई इंडियंस को पहला आईपीएल खिताब दिलवाया था।
कोहली ने लखनऊ में एक कार्यक्रम में कहा, 'रोहित के पास अद्भुत क्रिकेटिंग दिमाग है। मैंने अक्सर मैचों के दौरान उनसे सलाह भी ली है। उन्होंने आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए अपनी काबिलियत दिखाई।'
कोहली ने आठ मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए 332 रन बनाए जिसमें दो शतक भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, 'मुझे कप्तानी करना और जिम्मेदारी लेना बेहद पसंद है। बतौर बल्लेबाज हमें खुद पर फोकस करना होता है लेकिन एक कप्तान के रूप में हर क्षेत्र को देखना होता है।'