टीम इंडिया में इस समय कुछ अच्छा नहीं हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया के हाथों 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद अब टीम इंडिया की ड्रेसिंग रूम में तनाव का माहौल है।
तनाव की खबर उस समय आ रही है जब टीम इंडिया का विदेशी धरती पर बेहद खराब रिकॉर्ड है और उसे पिछले साढ़े तीन सालों में 15 टेस्ट मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा है। विदेश में लगातार हार और ऑस्ट्रेलिया में मिले लगातार 6 हार के सिलसिले को रोकने की कवायद में जुटा भारत के लिए यह बेहद नाजुक समय है क्योंकि टीम के दो बड़े खिलाड़ियों के बीच झगड़े की खबर है।
ब्रिसबेन टेस्ट में हार के बाद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी इस कहकर विवाद को हवा दे दी थी कि टीम के ड्रेसिंग रूम में इस समय सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है।
कोहली और धवन के बीच झगड़े की खबर
यहां जिस झगड़े की बात हो रही है वो हुई उपकप्तान विराट कोहली और शिखर धवन के बीच। दोनों के बीच झगड़ा ब्रिसबेन टेस्ट के चौथे दिन हुआ। जब भारत अपनी दूसरी पारी शुरू करने वाला था लेकिन नेट पर अभ्यास के दौरान धवन को चोट लग गई और उन्होंने कुछ देर बाद ही क्रीज पर उतरने से मना कर दिया।
धवन के अचानक मना करने के बाद चेतेश्वर पुजारा के साथ कोहली को पारी की शुरुआत करने के लिए मैदान पर जाना पड़ा। बल्लेबाजी के लिए तैयार होने के वास्ते कोहली को महज 5-7 मिनट का वक्त मिला। वह क्रीज पर ज्यादा देर तक टिके नहीं रह सके और तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। कोहली 14 गेंदों पर महज एक रन बनाकर आउट हुए।
कोहली के आउट होने के बाद महज 10 ओवर के अंदर भारत ने 44 पर अपने 5 विकेट गंवा दिया और इसके बाद धवन बल्लेबाजी करने मैदान पर पहुंच गए। तीसरे दिन के नॉटआउट रहे बल्लेबाज धवन ने अपनी पारी 26 रन से आगे खेलना शुरू किया और उन्होंने अर्धशतक जमा दिया। उन्होंने 81 रनों की पारी खेली।
शास्त्री ने शांत कराया था दोनों के बीच झगड़ा
उपकप्तान विराट कोहली को बेहद कम समय के अंदर तैयार होकर मैदान पर बल्लेबाजी के लिए जाना पड़ा। वह महज एक रन बनाकर आउट हो गए। आउट होकर जब वह ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो धवन से उलझ पड़े। सूत्रों के अनुसार कोहली का कहना था कि धवन ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी का शुरुआती सत्र में सामना करने से बच रहे थे।
कोहली जब ड्रेसिंग रूम पहुंचे तो उन्होंने धवन पर आरोप लगाया कि उसने जानबूझकर चोट का बहाना बनाया था। धवन ने कोहली को इसका जवाब देते हुए कहा कि वह देश के लिए खेलते हैं। अगर उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहता है तो बैठना पसंद करेंगे लेकिन वह किसी की चापलूसी नहीं करेंगे और न ही चोट का बहाना बनाएंगे।
झगड़ा बढ़ता देख टीम के डायरेक्टर रवि शास्त्री ने हस्तक्षेप किया दोनों को शांत कराया। शास्त्री ने उस समय स्पष्ट रूप से कोहली से कहा कि कोई भी खिलाड़ी छोटा या बड़ा नहीं होता, खास यह होता है कि आप किसी भी परिस्थिति में खेलने के लिए तैयार रहो। हालांकि कहा जा रहा है कि अब ड्रेसिंग रूम में थोड़ी शांति कायम है, लेकिन सब कुछ सामान्य नहीं हुआ है।