लोकेश राहुल ने मैच खत्म होने के बाद पत्नी अथिया के साथ फोटो शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने अतिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। राहुल ने मैच में भी अच्छा प्रदर्शन किया और टीम की जीत में योगदान दिया।
वनडे विश्व कप 2023 में भारतीय टीम लगातार आठ मैच जीत चुकी है। भारत की आठवीं जीत के बाद टीम के उपकप्तान लोकेश राहुल ने पत्नी अथिया शेट्टी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। अथिया शेट्टी और भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली का जन्मदिन एक दिन होता है। इसी दिन भारत का मैच भी था। ऐसे में राहुल ने पहले अपना पूरा ध्यान मैच में रखा। भारत की जीत के बाद ही उन्होंने पत्नी अथिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन
राहुल ने अथिया के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा "जब भी मैं टूट जाता हूं, आप मुझे संपूर्णता का एहसास कराती हैं, जब भी मैं अकेला होता हूं, तुम मेरी आत्मा के लिए वहां होती हो, तुम जहां भी हो, लड़की, मैं उसे ही अपना घर कहता हूं, जन्मदिन मुबारक हो पत्नी ❤️🤗 लव यू 😘।"
राहुल ने अथिया के साथ जो फोटो शेयर की है, उसमें वह खुद नजर नहीं आ रहे हैं, लेकिन अथिया नजर आ रही हैं और उनका सिर किसी के कंधे पर है। जाहिर सी बात है कि यह कंधा राहुल का है। अथिया शेट्टी और लोकेश राहुल इसी साल की शुरुआत में शादी के बंधन में बंधे थे। इन दोनों की शादी में क्रिकेट और सिनेमा जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं।
विज्ञापन
अथिया के जन्मदिन पर भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया और दक्षिण अफ्रीका को हराकर इस विश्व कप में लगातार आठवीं जीत दर्ज की। भारत ने यह मैच 243 रन के विशाल अंतर से अपने नाम किया। विराट कोहली ने वनडे में अपना 49वां शतक लगाया और सचिन के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। वहीं, रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट लेकर भारत की बड़ी जीत की नींव रखी। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमें सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं। बाकी दो स्थानों के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच कांटे की टक्कर है। पाकिस्तान भी रेस में बना हुआ है।