मैक्कुलम ने दूसरे फेज में कोलकाता की सफलता की वजह बताई है।
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2021 खत्म हो चुका है और चेन्नई ने फाइनल मैच में कोलकाता को हराने के बाद चौथी बार यह खिताब अपने नाम किया है। फाइनल में जीत के बाद चेन्नई के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने अपनी टीम के बारे में बात करने से पहले विपक्षी टीम कोलकाता की तारीफ की। इस सीजन के पहले फेज में सात में दो मैच जीतने वाली कोलकाता ने यूएई में 10 में से सात मैच जीते हैं। धोनी भी कोलकाता की इसी वापसी से प्रभावित थे और उन्होंने इस टीम की काफी तारीफ की। कोलकाता के कोच ब्रेंडन मैक्कुलम ने बताया है कि कैसे इस टीम ने दूसरे फेज में शानदार वापसी की और भारत के युवा खिलाड़ियों ने इसमें अहम योगदान दिया।
क्या बोले धोनी
धोनी ने फाइनल में 27 रनों की शानदार जीत के बाद कहा "इससे पहले कि मैं चेन्नई के बारे में बात करना शुरू करूं, मुझे कोलकाता के बारे में बात करना जरूरी लगता है। आईपीएल के पहले फेज में कोलकाता की टीम जिस स्थान पर थी वहां से वापसी करके फाइनल में पहुंचना वाकई बहुत मुश्किल है। अगर इस साल कोई टीम आईपीएल जीतने की हकदार थी तो मेरी समझ में वह कोलकाता की टीम थी। सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों को इसका क्रेडिट मिलना चाहिए। जब टीम अच्छा नहीं कर रही होती है, तब ऐसी वापसी करना बहुत मुश्किल है। मेरी समझ में ब्रेक से उन्हें काफी फायदा मिला। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।"
मैक्कुलम ने अय्यर गिल और त्रिपाठी को दिया जीत का श्रेय
कोलकाता के प्रमुख कोच ब्रेंडन मैक्कुलम ने कहा कि कोलकाता की किस्मत पलटने में टीम के शुरुआती बल्लेबाजों का योगदान बहुत ज्यादा था। खासकर वेंकटेश अय्यर, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी और नीतीश राणा ने ज्यादा बेहतर तरीके से बल्लेबाजी करके टीम को लगातार मैच जिताए। उन्होंने कहा "मेरा हमेशा मानना रहा है कि विपक्षी टीम को दबाव में जालने के लिए हमें अपने खेल में थोड़ा बदलाव करने की जरूरत है। टीम के शुरुआती चार बल्लेबाजों ने वही करके दिखाया। उन्होंने दूसरे फेज में पिच को समझा और उसी के हिसाब से बल्लेबाजी करके लगातार जीत दिलाई।"