कप्तान रोहित शर्मा (196 रन) ने अपने क्रम में बदलाव किया है, लेकिन उनके प्रदर्शन में निरंतरता के अभाव से टीम बहुत प्रभावित हुई है। अब तक पहले विकेट पर टीम आठ मैचों में केवल दो बार 69 या उससे ज्यादा रन की साझेदारी करने में सफल रही है। दो मैच में टीम ने अच्छी शुरुआत और उसमें उन्हें जीत मिली है।
ऑलराउंडर पोलार्ड कसौटी पर खरे नहीं
उनके दोनों ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड और हार्दिक पांड्या से भी टीम को बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है। बेशक हार्दिक ने पिछले मैच में 50 रन किए हैं और तीन विकेट लिए हैं। उनके कुल 111 रन हैं जबकि 11 विकेट हैं। ज्यादा दिक्कत किरोन पोलार्ड को लेकर है जिन्होंने छह पारियों में 76 रन बनाए हैं। वह गेंदबाजी के लिए तो फिट ही नहीं हैं।
गेंदबाज हो रहे खर्चीले
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान (7 विकेट) और मिचेल मैक्लेनाघन (09) दोनों ही खर्चीले साबित हुए हैं। दोनों की इकानोमी रेट क्रमश: 8.34 और 8.66 की है। इससे बुमराह पर असर पड़ा है, जिन्होंने सात की इकानोमी रेट से 9 विकेट लिए हैं।
हार्दिक की इकानोमी रेट 8.74 है। मुंबई की गेंदबाजी का उजला पक्ष युवा लेग स्पिनर मयंक मारकंडे (11 विकेट)हैं जिन्होंने धुरंधर बल्लेबाजों के आगे भी गजब का जज्बा दिखाया है।
एक हफ्ते के आराम के बाद किंग्स इलेवन के बल्लेबाजों क्रिस गेल और लोकेश राहुल फिर से ताजा दम होकर अपने दूसरे घरेलू मैदान में उतरेंगे। किंग्स इलेवन का अभियान अभी तक टीम प्रयासों के बल पर आगे बढ़ा है। उनके पास ऑरेंज या पर्पल कैप नहीं है, लेकिन उनकी टीम में जरूरत के मुताबिक कई खिलाड़ियों ने योगदान दिया है।
गेल (252 रन) ने दो अर्द्धशतक और एक शतक लगाया है। आईपीएल में सबसे तेज अर्द्धशतक लगा चुके राहुल (268 रन) ने भी दर्शाया कि क्यों उन्हें बड़ा रुत्बा दिया जाता है। अफगानिस्तान के अबूझ स्पिनर मुजीब उर रहमान की इकानोमी रेट 6.51 है और वह अब तक सात विकेट ले चुके हैं।
कप्तान अश्विन के सानिध्य में वह और निखर रहे हैं। अश्विन ने अपने संसाधनों का बेहतरीन इस्तेमाल किया है। तेज गेंदबाज अंकित राजपूत (07 विकेट) और एंड्रयू टाई (09) ने भी पंजाब के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।
संभावित टीमें:
मुंबई इंडियंस- सुर्यकुमार यादव, इशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, किरोन पोलार्ड, जेपी डुमिनी, कृणाल पांड्या, हार्दिक पांड्या, बेन कटिंग, मिचेल मैक्लेनाघन, मयंक मार्कंडे, जसप्रीत बुमराह।
किंग्स इलेवन पंजाब- क्रिस गेल, केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करूण नायर, आरोन फिंच, मनोज तिवारी, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रयू टाई, बरिंदर शरण, अंकित राजपूत, मुजीब उर रहमान।